हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक टेस्ट में पास हुए संजय दत्त, विधायकों के बिना 90 विधानसभा से जुटी भीड़
हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त पंचकूला में हुए संविधान रक्षा मार्च के सफल आयोजन से संगठनात्मक परीक्षा में खरे उतरे हैं।

हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक टेस्ट में पास हुए प्रभारी संजय दत्त। फाइल फोटो
HighLights
संजय दत्त ने पंचकूला मार्च से संगठनात्मक क्षमता दिखाई
विधायकों की अनुपस्थिति में भी कार्यकर्ताओं ने भीड़ जुटाई
कांग्रेस ने जिला और ब्लॉक स्तर पर सक्रियता बढ़ाई
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस का दो दिन पहले पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय संविधान रक्षा मार्च सिर्फ एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के नेतृत्व में पिछले कुछ महीनों से चल रहे संगठनात्मक कामकाज की बड़ी परीक्षा था।
इस परीक्षा में संजय दत्त पूरी तरह खरे उतरे। इसकी खास वजह यह रही कि जिस दिन पंचकूला में मार्च आयोजित किया गया, उसी दिन विधानसभा का विशेष सत्र भी चल रहा था। पार्टी के तमाम विधायक विधानसभा की कार्यवाही में व्यस्त थे।
ऐसे में मार्च में भीड़ जुटाने और आयोजन को सफल बनाने की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रधानों, ब्लॉक प्रधानों और कांग्रेस के अग्रणी संगठनों के कंधों पर थी। इन संगठनात्मक इकाइयों ने जिस तरह जिम्मेदारी निभाई, उसने कांग्रेस हाईकमान का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
कांग्रेस इससे पहले भी प्रदेश में कई बड़े आयोजन कर चुकी है। नई दिल्ली में हुई रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके विधायक भीड़ जुटा चुके हैं, लेकिन पंचकूला का संविधान रक्षा मार्च कई मायनों में अलग था।
यहां पार्टी ने अपनी संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन विधायकों के सक्रिय सहयोग के बिना किया। प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों और संगठनात्मक ब्लॉक से कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने दिखाया कि संगठन की जड़ें जिला और ब्लॉक स्तर पर सक्रिय हो रही हैं।
लगातार तीन विधानसभा चुनावों में पराजय के बाद कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती कार्यकर्ताओं का मनोबल लौटाने, निष्क्रिय संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय करने और वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करने की थी।
नए प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के प्रयासों के साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और दीपेंद्र हुड्डा सहित वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भागीदारी ने सामूहिक नेतृत्व की प्रक्रिया को बल दिया है। इनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, धर्मपाल मलिक, चौधरी उदयभान और बीरेंद्र सिंह के प्रयासों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
बड़े आयोजनों से आगे गांव-चौपालों तक पहुंचने की तैयारी
संविधान रक्षा मार्च की सफलता के पीछे केवल एक दिन की तैयारी नहीं, बल्कि पिछले महीनों में चल रही लगातार संगठनात्मक गतिविधियां भी रही हैं। ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों, दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों, 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान, गांवों और शहरी वार्डों में चौपालों तथा 'वोट रक्षक अभियान' के जरिए पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ाने का प्रयास किया है।
संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और संविधान रक्षा की शपथ ने पंचकूला मार्च को लोकतंत्र, समानता और सामाजिक न्याय के मुद्दों से जोड़ा है। अब कांग्रेस की रणनीति रोजगार, किसान, महंगाई, कानून-व्यवस्था और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने की है। साथ ही मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और 'वोट चोरी' के आरोपों के जरिए चुनावी पारदर्शिता का सवाल उठाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।