'नशे से रहें दूर, इंटरनेट मीडिया पर बिना जांचे न फैलाएं अफवाह', लौह पुरुष की जयंती पर हरियाणा CM का युवाओं को संदेश
पंचकूला में सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन हुआ। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ...और पढ़ें

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' में पहुंचे हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी।
HighLights
'रन फॉर यूनिटी' में दौड़े नायब सिंह सैनी।
राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का संदेश।
सीएम की युवाओं से विशेष रूप से अपील।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को इंटरनेट मीडिया पर बिना जांचे अफवाह न फैलाने का संदेश दिया। साथ ही नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
शनिवार को पंचकूला में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया। एमडीसी सेक्टर-1 स्थित एचएसवीपी शिवालिक कंट्री क्लब से शुरू हुई मैराथन में मुख्यमंत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया और स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाई। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पुष्प वर्षा भी की। देशभक्ति के गीतों और नारों के बीच युवाओं और बच्चों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।
दौड़ शिवालिक कंट्री क्लब से शुरू होकर माता मनसा देवी मंदिर परिसर में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विकसित हरियाणा के साथ सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि इंटरनेट मीडिया पर किसी भी संदेश को आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें।
अफवाह और भेदभाव को बढ़ावा देने वाली बातों से बचें। उन्होंने कहा कि युवाओं के छोटे-छोटे जिम्मेदार कदम समाज में विश्वास और सद्भाव को मजबूत कर सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के समय देश के सामने अनेक चुनौतियां थीं। विभाजन की पीड़ा के बीच सैकड़ों रियासतों को एक राष्ट्र के सूत्र में पिरोने का कठिन दायित्व था।
स्वतंत्र भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदृष्टि, संवाद कौशल और दृढ़ इच्छाशक्ति से 560 से अधिक रियासतों के एकीकरण में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने आधुनिक भारत की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों और प्रतिभागियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।