यूथ ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुक्केबाज गुंजन को मिले 1 करोड़, CM नायब सैनी ने किया सम्मानित
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यूथ ओलिंपिक 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज गुंजन को एक करोड़ रुपये का चेक भेंट किया।

यूथ ओलिंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज गुंजन को मिले एक करोड़।
HighLights
यूथ ओलिंपिक 2026 में गुंजन ने जीता स्वर्ण पदक।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक करोड़ रुपये का चेक भेंट किया।
हरियाणा की खेल नीति ने बनाया प्रदेश को खेलों का पावरहाउस।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। सेनेगल के डकार में आयोजित यूथ ओलिंपिक 2026 में 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज गुंजन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को एक करोड़ रुपये का डमी चेक भेंट किया।
हांसी के ढाणा कलां गांव की होनहार मुक्केबाज अंडर-19 एशियन बाक्सिंग चैंपियनशिप (जकार्ता) और वर्ल्ड बाक्सिंग फ्यूचर कप (बैंकाक) में रजत पदक जीत चुकी है।
संत कबीर कुटीर निवास पर आयोजित कार्यक्रम में गुंजन को पुरस्कार राशि प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण अंचल की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्णिम सफलता हासिल कर यह सिद्ध कर दिया है कि हरियाणा की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य युवाओं और खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। खेल नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार की पारदर्शी एवं खिलाड़ी-हितैषी खेल नीति के कारण आज हरियाणा देश में खेलों का पावरहाउस बन चुका है।
खिलाड़ियों को जमीनी स्तर से ही आधुनिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, नर्सरियां और अंतरराष्ट्रीय स्तर की पदक विजेता राशि समय पर उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि खिलाड़ी बिना किसी चिंता के केवल अपने खेल और उत्कृष्ट प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकें।