Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी बने निर्वाचन आयुक्त, PM मोदी से है खास रिश्ता

    Updated: Tue, 18 Feb 2025 08:02 AM (IST)

    हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी को भारत निर्वाचन आयोग में निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया है। 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. विवेक जोशी पिछले साल नवंबर में हरियाणा के मुख्य सचिव बने थे। अब उनके स्थान पर नए मुख्य सचिव की नियुक्ति की जाएगी। डॉ. जोशी इससे पहले केंद्रीय वित्त मंत्रालय में सचिव पद की जिम्मेदारी संभास चुके हैं।

    Hero Image
    1989 बैच के IAS विवेक जोशी बने निर्वाचन आयुक्त (फाइल फोटो)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी (Dr Vivek Joshi) अब भारतीय निर्वाचन आयोग में निर्वाचन आयुक्त होंगे। 1989 बैच के सीनियर आईएएस अधिकारी विवेक जोशी ने पिछले साल एक नवंबर को केंद्र सरकार से प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद हरियाणा के मुख्य सचिव का कार्यभार संभाला था। डॉ. विवेक जोशी की भारतीय निर्वाचन आयोग में नियुक्ति के साथ ही अब हरियाणा में नए मुख्य सचिव की तैनाती की जाएगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा के मुख्य सचिव की दौड़ में ये अधिकारी

    1990 बैच के पांच अधिकारियों में से किसी को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है। इनमें सबसे सीनियर सुधीर राजपाल और डॉ. सुमिता मिश्रा हैं। इसके अलावा 1990 बैच के ही अनुराग रस्तोगी, आनंद मोहन शरण और राजा शेखर वुंडरू मुख्य सचिव बनने की दौड़ में हैं।

    हालांकि अनुराग रस्तोगी 30 जून और आनंद मोहन शरण 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। ऐसे में मुख्य सचिव पद के लिए सुधीर राजपाल, डॉ. सुमिता मिश्रा और राजा शेखर वुंडरू में से किसी एक की नियुक्ति हो सकती है।

    विवेक जोशी संभाल चुके हैं ये जिम्मेदारी

    लंबे समय तक केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर रहे विवेक जोशी हरियाणा के मुख्य सचिव बनने से पहले केंद्रीय वित्त मंत्रालय में सचिव पद की जिम्मेदारी उठाने के बाद कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

    इससे पहले उन्होंने चार साल तक केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त के रूप में कार्य किया। साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक और देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक के बोर्ड के सदस्य भी रहे हैं। कपड़ा मंत्रालय (2001-2006) में निदेशक के रूप में काम किया।

    यह भी पढ़ें- Gyanesh Kumar: ज्ञानेश कुमार होंगे देश के अगले मुख्य निर्वाचन आयुक्त, धारा 370 से लेकर राम मंदिर तक से रहा नाता

    पीएम मोदी की गुड बुक में शामिल हैं डॉ जोशी

    पीएम मोदी की गुड बुक में शामिल जोशी हरियाणा के प्रिंसिपल सेक्रेटरी के अलावा कई प्रमुख पदों पर रह चुके हैं। हरियाणा के विभिन्न जिलों में उपायुक्त रहने के साथ ही निगरानी और समन्वय के प्रमुख सचिव तथा गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के सीईओ के रूप में काम कर चुके जोशी 2014-2017 में केंद्रीय वित्त मंत्रालय में संयुक्त सचिव रहे हैं।

    तब वह सार्वजनिक खरीद नीति तैयार करने में सरकार को सलाह दिया किया करते थे। इससे पहले केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय (2010-2014) में संयुक्त सचिव के रूप में भी काम किया है। उन्होंने बाल अधिकार और बाल संरक्षण के क्षेत्र में काफी काम किया।

    स्विट्जरलैंड से की अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र में पीएचडी

    डॉ. विवेक जोशी का गृह राज्य उत्तर प्रदेश है, जहां 21 मई 1966 को उनका जन्म हुआ । स्विट्जरलैंड के ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट जिनेवा से अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र में पीएचडी की डिग्री प्राप्त की है। जोशी ने प्रोफेसर रिचर्ड बाल्डविन के मार्गदर्शन में डाक्टरेट की पढ़ाई पूरी की। इसके अलावा रुड़की विश्वविद्यालय से 1987 में मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई की। नई दिल्ली से इंटरनेशनल बिजनेस में पोस्ट ग्रेजुएशन की है।

    यह भी पढ़ें- स्विट्जरलैंड से PhD, 1989 बैच के IAS... कौन हैं हरियाणा के नए मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी, PM मोदी के माने जाते हैं खास