Move to Jagran APP

जेपी नड्डा ने हरियाणा सरकार की योजनाओं को बताया अन्य राज्यों के लिए माडल, नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक को किया संबोधित

Haryana BJP Meeting हरियाणा भाजपा की नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी संबोधित किया। उन्होंने राज्य सरकार के कामकाज की सराहना है। साथ ही अनिल विज के काम की भी तारीफ की।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Thu, 24 Jun 2021 01:35 PM (IST)Updated: Thu, 24 Jun 2021 08:57 PM (IST)
बैठक के लिए चंडीगढ़ से जुड़े भाजपा के वरिष्ठ नेता। जागरण

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा की नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक कोरोना के चलते जुदा अंदाज में हो रही है। एक्चुअल और वर्चुअल माध्यम से प्रदेश में छह स्थानों चंडीगढ़, जींद, हिसार, रेवाड़ी, रोहतक और गुरुग्राम में कार्यकर्ता अपने नजदीक के जिलों से बैठक में जुड़े। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बैठक को संबोधित करते हुए हरियाणा सरकार की करीब एक दर्जन योजनाओं किया। कहा कि जन कल्याण की इन योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर लागू किया जा रहा है। इनमें से कुछ योजनाएं लागू हो चुकी हैं तो कुछ लागू होने की प्रक्रिया में हैं।

loksabha election banner

नड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले सात वर्षों के दौरान हरियाणा की छवि प्रगतिशील राज्य के रूप में उभरी है। इससे पहले यहां की पूर्व सरकारों के कारण इस राज्य की छवि भ्रष्टाचार वाले राज्य की थी। सात सालों में हरियाणा अपनी खराब छवि के दाग से उबरा है और इसका श्रेय मनोहर लाल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को जाता है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा वीरवार को प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक के समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं से वर्चुअल जुड़े। प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने हाल ही में जंबोजेट कार्यकारिणी का गठन किया है। कोरोना प्रोटोकाल को अपनाते हुए प्रदेश कार्यकारिणी के तमाम पदाधिकारी चंडीगढ़ में फिजिकल और रेवाड़ी, गुरुग्राम, हिसार, रोहतक तथा जींद से वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रांतीय संगठन मंत्री रवींद्र राजू की मौजूदगी में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरकार के कामकाज की दिल खोलकर तारीफ की। नड्डा ने कहा कि पिछले सात वर्षों के दौरान यहां बहुत से ऐसे कार्य हुए हैं, जिन्हें लेकर हरियाणा देश के सामने रोल माडल बना है। मनोहर लाल ने सबका साथ सबका विकास की अवधारणा पर आगे बढ़ते हुए प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है।

जेपी नड्डा ने कहा कि पहले हरियाणा भ्रष्टाचार का पर्याय था। हरियाणा की अराजकता, भ्रष्टाचार, लैंड डील, सीएलयू वाले राज्य की पहचान बन गई थी। नियमों का उल्लंघन करना हरियाणा की सरकारों की पहचान थी। हरियाणा की छवि नौकरियां देने में बड़े-बड़े घोटाले करने वाले राज्य की थी। भाजपा की सरकार बनने पर इस छवि को बदला गया है। हरियाणा सरकार ने अब तक चार हजार करोड़ की लागत से 165 प्रोजेक्ट पूरे किए हैं। 292 नए प्रोजेक्ट लांच हुए हैं। पिछले सात वर्ष के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार ने हरियाणा को भ्रष्टाचारी प्रदेश से प्रगतिशील प्रदेश बनाया है।

हरियाणा सरकार की योजनाओं की बनेगी बुकलेट

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा बनाई गई कार्यकारिणी में सभी वर्गों का प्रतिनिधत्व बताते हुए नड्डा ने कहा कि हरियाणा की कई योजनाएं ऐसी हैं जिन्हें देश के दूसरे राज्यों ने अपनाया है। ऐसी सभी योजनाओं की एक छोटी बुकलेट प्रकाशित कर कार्यकर्ताओं को दी जाए, जिसका वह अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक प्रचार करें। नड्डा ने सरकार की योजनाओं के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए मंडल स्तर पर प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम आयोजित करने का फार्मूला दिया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जो कैरोसीन मुक्त राज्य बना है। इस समय 551 योजनाएं अटल सरल केंद्रों के माध्यम से चल रही है। इन सब योजनाओं को कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रचारित किया जाए। बाक्स कोरोना से बचाव के प्रबंधों पर सरकार की पीठ ठोंकी भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा कोरोना से निपटने के लिए किए गए कामों पर उनकी पीठ थपथपाते हुए कहा कि आज हरियाणा कोरोना से लड़ने के लिए पूरी तरह सक्षम है।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए नड्डा ने कहा कि कोरोना में जहां हरियाणा के कई नेता राजनीतिक एकांतवास में थे, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने चार हजार से अधिक रक्तदान शिविर लगाए और साढे तीन लाख से अधिक लोगों को मास्क वितरित किए। उन्होंने कहा कि जून माह के दौरान देश में 10 करोड़ कोरोना वैक्सीन का उत्पादन किया जाएगा। केंद्र सरकार ने इसे हर माह बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है, जिसके चलते इस साल दिसंबर माह तक देश में 59 करोड़ कोरोना वैक्सीन का प्रति माह उत्पादन होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने रोजाना 32 हजार टेस्टिंग क्षमता को बढ़ाकर प्रशंसनीय कार्य किया है।

वैक्सीनेशन में सरकार का सहयोग करेंगे कार्यकर्ता

भाजपा अध्यक्ष ने ओम प्रकाश धनखड़ को निर्देश दिए कि वह संगठनात्मक रूप से पार्टी के सभी विधायकों, सांसदों, जिला पार्षदों, निगम के मेयर समेत तमाम जनप्रतिनिधियों को निर्देश दें कि वह सरकार द्वारा चलाए जा रहे वैक्सीनेशन कार्यक्रम में सहयोग करें। प्रत्येक जनप्रितिनिधि अपने-अपने क्षेत्र के वैक्सीनेशन केंद्र का सप्ताह में कम से कम दो बार दौरा जरूर करे। भाजपा के नेता व कार्यकर्ता अपने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज दिलवाएं।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का बढ़ाया हौसला

चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सरकार का अंबेसडर बताते हुए कहा कि संगठन में बहुत बड़ी ताकत होती है। हरियाणा सरकार ने तीन करोड़ जनता के हितों की चिंता करते हुए बिना जातपात और बिना क्षेत्रीय भेदभाव के पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास की गंगोत्री बहाई है। अब सरकार के अंबेसडर की जिम्मेदारी है कि वह सरकार के कामों को जनता के बीच लेकर जाएं और विपक्ष को करारा जवाब दें। मुख्यमंत्री मनोहर लाल चंडीगढ़ में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक में कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे।

मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा में सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में बहुत काम हुआ है। हमने भ्रष्टाचार के तमाम छिद्र बंद किए। राज्य में किसानों के हित में जितने काम हमने किए, कोई सरकार आज तक नहीं कर पाई। इन योजनाओं, कार्यक्रमों व उपलब्धियों को जन-जन तक संगठन ही पहुंचा सकता है। संगठन को जनता के दरवाजे तक जाना चाहिए। यह उस तरह की सरकार है, जिसके पास कहने और बताने को बहुत कुछ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अब तक 80 महीने के समय में कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। गरीब के कल्याण के लिए सरकार हर समय प्रयासरत रहती है। समाज के सभी वर्गों की अपेक्षाएं सरकार से होती है जिनको पूरा करने के लिए हम काम कर रहे हैं। हम योजना बना रहे है कि कोई परिवार कोई व्यक्ति सरकार की योजनाओं का लाभ हासिल करने से न छूट पाए। इसमें परिवार पहचान पत्र और हमारे कार्यकर्ता मुख्य कड़ी साबित होंगे।

भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने बैठक में कहा कि कोरोना महामारी से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन भाव से जो राहत कार्य किए उसकी सराहना पूरा समाज कर रहा है। ऐसे संकट के समय में पूरे देश के सभी दलों को एक साथ जनता की सेवा करने के लिए खड़ा होना चाहिए था।

पहली बार आंदोलन को आशंका के आधार पर चलते देखा - धनखड़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि भाजपा एक विचार, संस्कार, व्यवहार और परिवार है। दूसरी पार्टियां सिर्फ परिवारों के वर्चस्व वाली पार्टियां हैं। हमने लोगों को कोरोना किट दी, जबकि विपक्ष ने टूल किट दे दी। किसान जत्थेबंदियों के आंदोलन पर धनखड़ ने कहा कि देश में पहली बार हमने आंदोलन को अंदेशों के आधार पर चलते देखा है। सुप्रीम कोर्ट ने तीनों कृषि कानूनों पर रोक लगा रखी है, फिर भी आंदोलन चल रहा है। यह कानून ऐच्छिक हैं पर फिर भी विरोध किया जा रहा है। किसान जत्थेबंदियां लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखते हुए हमें अपनी बात ही नहीं रखने देंगी, यह तो कोई बात नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि किसान संगठनों के बीच खालिस्तानी आए, लाल किले पर देश की गरिमा कम करने वाले आए, बंगाल की युवती से दुष्कर्म हुआ, युवक पर तेल छिड़क कर जलाने के कांड को अंजाम दिया गया, यह आंदोलन का स्वरूप है। छह जुलाई तक पार्टी ने एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। हर कार्यकर्ता एक पौधा जरूर लगाए। 27 जून को प्रधानमंत्री मोदी अपने मन की बात करेंगे। हरियाणा में पार्टी कार्यकर्ता इस दिन बूथ स्तर पर आयोजन के रूप में पीएम के मन की बात कार्यक्रम सुनेंगे।

हरियाणा के किसान पंजाब के लोगों से एसवाईएल का सवाल जरूर पूछें: राव इंद्रजीत

केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में एसवाईएल नहर का मुद्दा उठाया और हरियाणा के किसानों से आह्वान किया कि वे पंजाब के किसानों द्वारा दिए जा रहे धरने को अपना समर्थन देने से पूर्व उनसे यह जरूर पूछें कि वह हमारे लिए एसवाईएल का पानी लाने के लिए इसी प्रकार का सहयोग करेंगे। राव ने कहा कि भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने भी हरियाणा के पक्ष में फैसला देते हुए पंजाब को एसवाईएल नहर बनाने का निर्देश दिया, लेकिन पंजाब सरकार उसे मान नहीं रही है। राजनीतिक प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान राव इंद्रजीत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जन आदेश का पालन करते हुए कश्मीर से धारा 370 हटाने का कार्य किया। प्रधानमंत्री मोदी ने रेवाड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक रैली में अपने किए गए वादे को पूरा करते हुए वन रैंक वन पेंशन का लाभ पूर्व सैनिकों को दिया और आज 16 हजार करोड़ रुपये पूर्व सैनिकों को वन रैंक वन पेंशन के माध्यम से दिए जा रहे हैं।

इस तरह से किया भाजपाइयों ने कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन

कार्यकारिणी की पहली बैठक में कोरोना प्रोटोकाल का पूरी जिम्मेदारी के साथ अनुपालन किया गया। चंडीगढ़ में हुई बैठक में पार्टी पदाधिकारी फिजिकल तरीके से शामिल हुए तो दिल्ली, हिसार, गुरुग्राम, जींद, रोहतक और रेवाड़ी से वर्चुअल तरीके से बैठक में जुड़े। जानिये किस जोन में कौन-कौन से अहम नेताओं ने बैठक में भागीदारी की।

1. नई दिल्ली केंद्रीय कार्यालय भाजपा - राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हरियाणा की सह प्रभारी अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया, पूर्व प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी

2. चंडीगढ़ में मौजूद दिग्गज - भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश संगठन महामंत्री रवींद्र राजू, गृह मंत्री अनिल विज, कृषि मंत्री जेपी दलाल, शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, खेल एवं युवा राज्य मंत्री संदीप सिंह, सांसद नायब सैनी, सांसद सुनीता दुग्गल

3. हिसार में मौजूद नेता – विधायक कमल गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी डा. संजय शर्मा

4. रेवाड़ी में मौजूद नेता - प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष यादव, सहकारिता मंत्री बनवारी लाल, राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव, विधायक महीपाल ढांडा

5. गुरुग्राम में मौजूद नेता – केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा, सांसद संजय भाटिया

6. रोहतक में मौजूद नेता – प्रदेश महामंत्री एवं विधायक मोहन लाल बडौली, पूर्व मंत्री कविता जैन, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर और डा. संजय शर्मा

7. जींद में मौजूद नेता - महिला बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर विक्रम और प्रदेश महामंत्री पवन सैनी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.