विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राज्यसभा चुनाव के कारण सिर्फ आठ मिनट चली हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही, जींद अग्निकांड सहित कई मुद्दों पर चर्चा

Published: Mon, 16 Mar 2026 04:53 PM (IST)

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र राज्यसभा चुनाव के कारण सोमवार को केवल आठ मिनट चला। स्पीकर हरविन्द्र कल्याण की अनुपस्थिति में उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिढा ने कार्यवाही संभाली।

कैप्शन: हरियाणा विधानसभा फाइल फोटो

कैप्शन: हरियाणा विधानसभा फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, पंचकूला। छह दिन के अवकाश के बाद सोमवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की कार्यवाही सिर्फ आठ मिनट चली। सभी विधायकों और मंत्रियों के राज्यसभा चुनाव में व्यस्त होने की वजह से ऐसा हुआ।

विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण की अनुपस्थिति में विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिढा ने सदन की कार्यवाही का संचालन किया और शोक प्रस्तावों के बाद सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी।

विधानसभा का बजट सत्र बुधवार तक चलना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किए गए साल 2026-27 के बजट प्रस्तावों पर विधायकों की स्टैंडिंग कमेटियों ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है, जो मंगलवार को सदन में पेश की जा सकती है। इसी दिन मुख्यमंत्री बजट प्रस्तावों पर हुई चर्चा पर अपना जवाब दे सकते हैं।

पिछले सप्ताह हुआ था माताजी प्रेम कौर का निधन

विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण की माताजी प्रेम कौर कल्याण का पिछले सप्ताह निधन हो गया था। कल्याण सोमवार को सदन में आए, लेकिन राज्यसभा चुनाव में अपनी वोट डालने के बाद वापस घरौंडा के कुटैल चले गए। राज्यसभा चुनाव के लिए शाम चार बजे तक वोटिंग चली।

अधिकतर विधायक हालांकि दोपहर दो बजे तक अपने वोट डाल चुके थे, लेकिन इसके बावजूद दो बजे से आरंभ हुए सदन में मात्र दो दर्जन विधायक ही पहुंचे थे। सबसे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सदन में पहुंचे। स्पीकर की चेयर पर बैठे डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिढा ने सदन की कार्यवाही का संचालन करते हुए हरविन्द्र कल्याण की माता के निधन की सूचना दी, जिसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शोक प्रस्ताव पढ़ा।

नायब सैनी ने भेंट की श्रद्धांजलि

नायब सैनी ने प्रेम कौर को श्रद्धांजलि भेंट करते हुए उन्हें आदर्शवादी महिला बताया। उन्होंने कहा कि प्रेम कौर अपनी उम्र के अंतिम दौर में भी पशुओं की सेवा स्वयं करती थी।

शिक्षित होने के बावजूद उन्होंने डेयरी के कार्य को जीवन में प्राथमिकता दी। सदन में गुरुग्राम हादसे में मारे गए सात मजदूरों को श्रद्धांजलि भेंट की गई। झारखंड व राजस्थान के सात प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई थी।

भूपेंद्र हुड्डा ने पढ़े शोक प्रस्ताव

हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी पार्टी की तरफ से शोक प्रस्तावों को पढ़ा और दिवंगतों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसी दौरान नारनौंद के विधायक रामकुमार गौतम ने जींद जिले के सफीदों में हुए अग्निकांड में 10 महिलाओं की मौत का मुद्दा उठाते हुए उन्हें भी शोक प्रस्तावों में शामिल करने की मांग उठाई, जिसे सदन की तरफ से स्वीकार कर लिया गया।

डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिढ्ढा द्वारा सदन में शोक प्रस्ताव पढ़ने के बाद समूचे सदन की सभी दीर्घाओं में मौजूद प्रतिनिधियों ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि भेंट की।