हरियाणा में 500 करोड़ के बैंक घोटाले में 29 आरोपितों पर ट्रायल चलाने मंजूरी का इंतजार, 23 दिसंबर को सुनवाई
पंचकूला की सीबीआई विशेष अदालत में हरियाणा के 500 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले पर सुनवाई हुई। अदालत ने तीन गवाहों के नाम वाला सीलबंद लिफाफा खोलने का आदेश दिया और 29 आरोपितों की ट्रायल चलाने की स्वीकृति का इंतजार है। सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्माल फाइनेंस बैंक से जुड़े खातों में घोटाला। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पंचकूला सीबीआई कोर्ट में सुनवाई।
सीलबंद लिफाफा खोलने का आदेश।
कई अहम प्रक्रिया के आदेश जारी।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एयू स्माल फाइनेंस बैंक से जुड़े खातों में करीब 500 करोड़ रुपये के घोटाले में पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में शनिवार को सुनवाई हुई। अदालत ने मामले में कई अहम प्रक्रिया के आदेश जारी किए हैं।
मामले में जेल में बंद आरोपितों को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया, जबकि जमानत पर चल रहे अमित दीवान और राजेश सांगवान भी अदालत में उपस्थित हुए।
हालांकि अभी तक मामले में मुख्य आरोपित रिभव रिषी, विक्रम वधवा, आरके सिंह, प्रदीप कुमार समेत 29 आरोपितों के खिलाफ ट्रायल चलाने की स्वीकृति अदालत में नहीं पहुंची है। अदालत ने संबंधित मंजूरियों के इंतजार में सुनवाई के लिए 23 दिसंबर की तारीख तय की है।
तीन गवाहों के नाम वाला लिफाफा खोलने के आदेश
मामले की दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में सीबीआई ने तीन गवाहों की पहचान गोपनीय रखने के लिए उनके नाम सीलबंद लिफाफे में अदालत में जमा करवाए थे। बाद में तीन सितंबर को जांच एजेंसी ने गवाहों की पहचान सुरक्षित रखने संबंधी अपनी अर्जी वापस ले ली थी।
सुनवाई के दौरान जांच अधिकारी और सरकारी वकील ने गवाहों के नाम का सीलबंद लिफाफा खोलने पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इसके बाद अदालत ने लिफाफा खोलकर तीनों गवाहों के नाम चार्जशीट के साथ गवाहों की सूची में शामिल करने के आदेश दिए। बचाव पक्ष के वकील अदालत के रिकार्ड से इन गवाहों के नाम देखने सकते हैं।
डिजिटल दस्तावेज देने की प्रक्रिया जारी
अदालत में कुछ आरोपितों को चार्जशीट और संबंधित दस्तावेजों की डिजिटल प्रतियां भी उपलब्ध करवाई गईं। वहीं, अदालत ने सीबीआई को राजेश सांगवान के संबंध में जांच की स्थिति रिपोर्ट अगली सुनवाई पर पेश करने के लिए कहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।