Group D में भर्ती युवाओं के लिए खुशखबरी, अब योग्यता केे आधार पर मिलेगा काम
हरियाणा में Group D के पदों पर भर्ती 18 हजार युवाओं के लिए खुशखबरी है। इन युवाओं को अब योग्यता के आधार पर काम दिया जाएगा।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में पढ़े लिखे खासकर डाक्ट्रेट युवाओं को माली, नाई (बारबर), धोबी और कुक के पदों पर नियुक्तियां मिलने से हुए बवाल के बाद सरकार ने उनको योग्यता के आधार पर काम देने का फैसला किया है। इसके तहत सरकार ने इन कर्मचारियों को विभागों का पुन: आवंटन कर दिया और साथ ही उनके पदों को पुन:पदनामित किया है।
सभी संबंधित कर्मचारियों को नए विभागों में तुरंत या तीन कार्य दिवस के भीतर ज्वाइन करने निर्देश दिए गए हैं। इसकी जानकारी इन युवाओं के पंजीकृत Mobile number पर SMS के माध्यम से दी जा रही है। साथ ही सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडल आयुक्तों और उपायुक्तों को संबंधित Group D के कर्मचारियों को तुरंत रिलीव करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल के आखिरी दिनों में Group D के विभिन्न पदों पर करीब 18 हजार नियुक्तियां की थी। उस समय कांग्रेस, इनेलो और अब सरकार में साझीदार जजपा ने पढ़े लिखे युवाओं से माली, नाई, कुक और धोबी के काम लेने पर कड़ी आपत्ति जताई थी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गत जुलाई में Group D के पदों पर भर्ती हुए युवाओं को विभाग या पद बदलने के लिए मौका देने का फैसला किया था। इस बारे में युवाओं ने भी सरकार के सामने मुद्दा उठाया था और सरकार से उनके अनुरोध पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की मांग की थी।
सीएम के निर्देश पर बनाया गया पोर्टल, 3412 आवेदन किए स्वीकार
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देश पर इस तरह के आग्रहों का निपटारा करने के लिए एक वेब पोर्टल बनाया गया। सभी इच्छुक उम्मीदवारों को पद या विभाग के पुन: आवंटन के लिए अपना आग्रह उस पोर्टल पर ऑनलाइन जमा कराने और पद या विभाग बदलने के लिए अपने विकल्प देने के निर्देश दिए गए थे। पद और विभाग दोनों अथवा केवल पद या विभाग बदलवाने के लिए कुल 3,412 कर्मचारियों के आग्रह को पोर्टल में स्वीकार किया गया था। मौजूदा पद या विभाग और अब आवंटित किए गए पद या विभाग के साथ इन सभी कर्मचारियों की सूची पोर्टल पर 9 दिसंबर को उपलब्ध करा दी जाएगी।
करीब पांच हजार कर्मचारियों ने किए थे पद बदलने के आवेदन
विभिन्न विभागों के कुल 4968 कर्मचारियों ने अपने पद या विभाग बदलने के आग्रह पंजीकृत करवाए थे। इस समय बारबर के पद पर कार्यरत 58 आवेदकों में से 43 आवेदक अपनी पसंद का अन्य पद आवंटित करवाने में सफल हुए हैं। पहले जिन 336 आवेदकों को कुक का पद आवंटित किया गया था, उनमें से 252 आवेदकों को अन्य पद आवंटित हुए हैं। इसी तरह, वर्तमान में बतौर माली कार्यरत 257 में से 166 उम्मीदवारों को अन्य पद दिए गए हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें