यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हरियाणा में अनुबंध पर लगे कंप्यूटर कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 5200 रुपये तक बढ़ा वेतन
हरियाणा सरकार ने अनुबंध पर काम करे कंप्यूटर कर्मचारियों के लिए खुशखबरी दी है। राज्य सरकार ने इन कर्मचारियों के ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने अनुबंध पर कार्यरत कंप्यूटर कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों में अनुबंध पर काम कर रहे कंप्यूटर कर्मचारियों को वेतन में बढ़ोतरी का तोहफा दिया है। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने सरकारी विभागों में अनुबंध पर काम कर रहे वेब डिजाइनर, प्रोग्रामर व डाटा एनालिस्ट, नेटवर्क इंजीनियर और सिस्टम एनालिस्ट के वेतनमान में वृद्धि की है। उनके वेतन में करीब 4500 रुपये से लेकर 5200 रुपये तक का इजाफा किया है।
राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव ने बुधवार को कंप्यूटर प्रोफेशनल की कुछ कैटेगरी में वेतनमान बढ़ोतरी काे लेकर पत्र जारी कर दिया है। हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण लाल गुर्जर व हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ के प्रदेश महासचिव हवा सिंह तंवर ने हरियाणा सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। उन्होंने इसका श्रेय भारतीय मजदूर संघ व हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ को दिया है। उन्होंने कहा कि विगत जनवरी में मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग में यह मुद्दा उठाया गया था।
सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्ष, मंडलायुक्त, बोर्ड-निगमों के चेयरमैन और प्रशासक तथा हाई कोर्ट व विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार को जारी पत्र में कहा गया है कि संशोधित वेतनमान पहली अप्रैल 2020 से लागू होगा। दूरस्थ शिक्षा से एमसीए और एमटेक डिग्री करने वाले कर्मचारियों के मामले में हारट्रोन सुनिश्चित करेगा कि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद से इसे मान्यता मिली हो।
यह रहेगा संशोधित वेतन
पद का नाम - श्रेणी वेतन (रुपये में)
1. वेब डिजाइनर- तीन साल तक का अनुभव - 22,000
बेव डिजाइनर- तीन से आठ साल तक का अनुभव - 24,000
बेव डिजाइनर- आठ वर्ष से अधिक - 26,000
2. प्रोग्रामर, डेटा विश्लेषक - दो साल तक का अनुभव - 29,500
प्रोग्रामर, डेटा विश्लेषक- दो साल से अधिक का अनुभव - 31,850
3. नेटवर्क इंजीनियर- तीन साल तक का अनुभव - 29,500
नेटवर्क इंजीनियर- तीन साल से अधिक अनुभव - 31,850
4. सिस्टम एनालिस्ट- प्रोग्रामर के रूप में पांच साल का अनुभव - 44,250
5. सीनियर सिस्टम एनालिस्ट- सिस्टम एनालिस्ट के रूप में पांच साल का अनुभव - 45,900।
