गुलाम नबी आजाद की छुट्टी, विवेक बंसल बने हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद की हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी पद से हटा दिया गया है। विवेक बंसल को हरियाणा कांग्रेस का नया प्रभारी बना गया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। कांग्रेस ने पार्टी की कार्यवाहक अध्यक्ष सोनिया गांधी काे चिट्ठी लिखने के प्रकरण के बाद संठन में बड़ा उलटफेर और बदलाव किया है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव करने के लिए सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखने वाले नेताओं को किनारे लगाया गया है। इस का हरियाणा कांग्रेस पर भी असर पड़ा है। चिट्ठी प्रकरण से जुड़े हरियाणा कांग्रेस नेताओं और उनसे जुड़े लोगों को पार्टी हाईकमान ने किनारे कर दिया है। पार्टी में हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को बेहर पॉवरफुल बना दिया गया है। राज्य के पार्टी प्रभारी को भी बदल दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद को हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी पद से हटा दिया गया है। आजाद की जगह विवेक बंसल को हरियाणा कांग्रेस का नया इंचार्ज बनाया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रहे रणदीप सुरजेवाला को पावरफुल करते हुए तिहरी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय कांग्रेस में पावरफुल हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व सीएम हुड्डा और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सैलजा किनारे
रणदीप सिंह सुरजेवाला को कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है और कर्नाटक की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही उनके छह सदस्यीय विशेष कमेटी में भी शामिल किया गया है। सांगठनिक और ऑपरेशनल मामले देखने वाली इस राष्ट्रीय कमेटी में सुरजेवाला सहित शीर्ष स्तर के छह नेता शामिल हैं। इसके अलावा कांग्रेस वर्किंग कमेटी में भी सुरजेवाला को सदस्य बनाया गया है।
दीपेंद्र हुड्डा और कुलदीप बिश्नोई को कांग्रेस वर्किंग कमेटी में बनाया आमंत्रित सदस्य
विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस की प्रधान कुमारी सैलजा को राष्ट्रीय स्तर की किसी भी कमेटी में जगह नहीं मिली है। हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा के सांसद बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस वर्किंग कमेटी में विशेष आमंत्रित सदस्य जरूर बनाया गया है। आदमपुर से विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजन लाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई को भी विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी मिली है।