इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी से राजीव की जासूसी तक... सोनिया गांधी की आत्मकथा में हरियाणा के चार बड़े किस्से
सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बीलोंगिंग: ए जर्नी आफ लव' में हरियाणा से जुड़े चार महत्वपूर्ण संदर्भ सामने आए हैं, जिनमें ...और पढ़ें
-1794507076501_m.webp)
सोनिया गांधी की आत्मकथा में हरियाणा के चार बड़े किस्से। फाइल फोटो
HighLights
इंदिरा गांधी की 1977 में गिरफ्तारी और हरियाणा ले जाने का प्रयास।
राजीव गांधी की 1991 में हरियाणा सीआइडी द्वारा की गई जासूसी का खुलासा।
हरियाणा के गठन और राहुल गांधी के नेत्र अस्पताल का भी उल्लेख।
अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बीलोंगिंग : ए जर्नी आफ लव' में हरियाणा का जिक्र एक राजनीतिक नेता या घटनाक्रम तक सीमित नहीं है। इसमें हरियाणा से जुड़े चार संदर्भ सामने आए हैं।
इनमें दो घटनाएं देश की राजनीति में बड़े विवाद का कारण बनी थीं। पहली, 1977 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी और उन्हें हरियाणा ले जाने की कोशिश। दूसरी, 1991 में तत्कालीन विपक्ष के नेता राजीव गांधी की जासूसी में हरियाणा सीआइडी के कर्मचारियों की कथित भूमिका।
इसके अलावा सोनिया ने हरियाणा के गठन और राहुल गांधी के नेत्र अस्पताल का भी उल्लेख किया है। इन ऐतिहासिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने हरियाणा के किसी वरिष्ठ राजनीतिक नेता का नाम नहीं लिया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा एकमात्र ऐसी नेता हैं, जिनके नाम का उल्लेख उन्होंने अलग संदर्भ में किया है। उन्होंने सैलजा के साथ अपने राजनीतिक दौरों और व्यक्तिगत विश्वास का उल्लेख कर राज्य में उन्हें बेहद चर्चित बना दिया है।
हरियाणा की सीमा पर पुलिया पर बैठ गई थीं पूर्व प्रधानमंत्री
पुस्तक के पृष्ठ 233 पर दर्ज इस घटनाक्रम में सोनिया गांधी बताती हैं कि सीबीआइ इंदिरा गांधी को गिरफ्तार कर ले जा रही थी। राजीव, सोनिया, संजय और मेनका गांधी सहित परिवार के सदस्य एक वैन में उनके पीछे चल रहे थे। यह घटना तीन अक्टूबर 1977 की है। जिसकी तारीख का उल्लेख सोनिया गांधी ने अपनी किताब में नहीं किया है।
इंदिरा गांधी को फरीदाबाद स्थित बड़खल लेक गेस्ट हाउस ले जाया जा रहा है। एक रेलवे क्रासिंग पर गाड़ी रुकने के दौरान वकीलों ने बताया कि अदालत के वारंट के बिना उन्हें दिल्ली से बाहर ले जाना कानूनी रूप से गलत है। इसके बाद इंदिरा गांधी एक पुलिया पर बैठ गईं और आगे जाने से इन्कार कर दिया।
अंततः सीबीआइ अधिकारियों को उन्हें वापस दिल्ली लाना पड़ा। अगले दिन अदालत ने पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने पर इंदिरा गांधी को रिहा कर दिया था। इस घटनाक्रम को 'आपरेशन ब्लंडर' के नाम से भी जाना जाता है।
राजीव गांधी की जासूसी में हरियाणा सीआइडी का नेटवर्क
पुस्तक के पृष्ठ 362 पर सोनिया गांधी ने चंद्रशेखर सरकार के कार्यकाल के दौरान जासूसी का गंभीर मामला उठाया है। उनके अनुसार, हरियाणा सीआइडी के अनधिकृत कर्मचारियों को राजीव गांधी और उनके पार्टी कार्यालय की निगरानी में लगाया गया था।
सोनिया ने लिखा है कि इस काम में 40 से अधिक कर्मचारियों का तंत्र शामिल था और कर्मचारियों ने एक वरिष्ठ सरकारी नेता के निर्देश पर काम करने की बात स्वीकार की थी। हालांकि सोनिया ने किताब में तारीख और नेता का नाम नहीं लिखा, लेकिन यह घटना मार्च 1991 की है।
दो मार्च को दिल्ली में 10 जनपथ के बाहर हरियाणा सीआइडी के सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मी पकड़े गए थे। उस समय हरियाणा में ओमप्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री थे। कांग्रेस ने इसे राजीव गांधी की जासूसी का मामला बताते हुए चंद्रशेखर सरकार पर सवाल उठाए थे।
विवाद के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार से समर्थन वापस ले लिया और छह मार्च को चंद्रशेखर सरकार गिर गई। हालांकि जासूसी का आदेश किसने दिया था, यह कभी निर्णायक रूप से स्थापित नहीं हुआ।
इंदिरा गांधी के फैसले से बना था हरियाणा
पुस्तक के पृष्ठ 259-260 पर सोनिया गांधी ने 1966 में पंजाब के पुनर्गठन का उल्लेख किया है। वह लिखती हैं कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भाषाई आधार पर पंजाब के पुनर्गठन को मंजूरी दी थी। इसी प्रक्रिया में एक नवंबर 1966 को हरियाणा अलग राज्य बना।
पंजाब के पहाड़ी क्षेत्र भी हिमाचल प्रदेश को हस्तांतरित किए गए। इस प्रसंग में भी किसी हरियाणा नेता का नाम नहीं है। लेकिन किताब में लिखा है कि पंजाब में इस फैसले की काफी सराहना हुई थी।
राहुल गांधी के नेत्र अस्पताल का हरियाणा तक विस्तार
पृष्ठ 477 पर सोनिया गांधी ने राहुल गांधी के अमेठी में किए सामाजिक कार्यों का जिक्र करते हुए नेत्र अस्पताल की पहल का उल्लेख किया है। इसकी शाखाओं का विस्तार लखनऊ और हरियाणा तक हुआ। हरियाणा में गुरुग्राम के निकट सोहना के रायपुर गांव में इंदिरा गांधी नेत्र अस्पताल का उद्घाटन राहुल गांधी ने आठ अगस्त 2014 को किया था।
इस तरह सोनिया गांधी की आत्मकथा में हरियाणा का इतिहास केवल राज्य गठन तक सीमित नहीं है। इसमें इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी से लेकर राजीव गांधी की जासूसी और राहुल गांधी की सामाजिक पहल तक के राजनीतिक एवं पारिवारिक संदर्भ दर्ज हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।