हरियाणा विधानसभा सत्र शुरू होने से एक दिन पहले चार विधायक और तीन कर्मी मिले कोरोना
हरियाणा विधानसभा का मानूसन सत्र कल से दोबार शुरू हो रहा है। सत्र शुरू होने से पहले ही राज्य के चार विधायक कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही विधानसभा के तीन कर्मचारी भी कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा विधानसभा ( Haryana assembly) के मानसून सत्र ( Monsoon session ) की दूसरी पारी शुरू होने से पहले ही कोरोना ने एक बार फिर रंग दिखाया है। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले ही चार विधायक और विधानसभा सचिवालय के तीन कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पाॅजिटिव आ गई। कालांवाली के कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला और गुरुग्राम के भाजपा विधायक सुधीर सिंगला व बडख़ल की भाजपा विधायक सीमा त्रिखा की कोराना रिपोर्ट पाजिटिव मिली है। दो दिन पहले ही कांग्रेस विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल कोरोना संक्रमित निकली थीं। 26 अगस्त को विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से पहले कई मंत्रियों को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए जाने के बाद इसे स्थगित कर दिया गया था।
कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला और भाजपा विधायक सुधीर सिंगला व सीमा त्रिखा संक्रमित
हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि कोरोना टेस्ट के बगैर किसी विधायक या अफसर और कर्मचारियों की विधानसभा में एंट्री नहीं होगी। विधानसभा परिसर में तीन दिन से चल रहे कैंप में विधानसभा सचिवालय के तीन कर्मचारी पाजिटिव मिले हैं। कोरोना से बचाव के लिए शारीरिक दूरी सुनिश्चित करने के इंतजामों के तहत दर्शक विधानसभा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। दर्शन दीर्घा और स्पीकर गैलरी में विधायकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पत्रकारों के लिए प्रेस गैलरी हरियाणा निवास में बनाई गई है।
गौरतलब है कि 26 अगस्त को मानसून सत्र की पहली बैठक में भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला सहित कुल नौ विधायक कोरोना पाजिटिव मिले थे। यही वजह रही कि मानसून सत्र की औपचारिकता कर सदन को हालात माकूल होने तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। अब अन्य विधायकाें के भी कोरोना टेस्ट होंगे और उनके टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद ही वे विधानसभा के मानसून सत्र में भाग ले सकेंगे।