विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निवेश के नाम पर 7.36 करोड़ की ठगी, ट्रेहान आइरिस के पूर्व उपाध्यक्ष को हाई कोर्ट से झटका; नहीं मिली अग्रिम जमानत

Published: Fri, 13 Nov 2026 10:21 PM (IST)

निवेशकों से 7.36 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने ट्रेहान आइरिस समूह के ...और पढ़ें

ट्रेहान आइरिस के पूर्व उपाध्यक्ष को झटका। सांकेतिक फोटो

ट्रेहान आइरिस के पूर्व उपाध्यक्ष को झटका। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. ट्रेहान आइरिस समूह पर 7.36 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप।

  2. पूर्व उपाध्यक्ष अमलान दत्ता की अग्रिम जमानत याचिका खारिज।

  3. हाई कोर्ट ने आर्थिक अपराधों की गंभीरता पर जोर दिया।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। रियल एस्टेट परियोजनाओं में मोटा मुनाफा कमाने की उम्मीद लेकर निवेश करने वाले चार लोगों की करोड़ों रुपये की रकम कथित तौर पर विवाद में फंस गई। निवेशकों ने आरोप लगाया कि ट्रेहान आइरिस समूह की परियोजनाओं में निवेश के नाम पर उनसे करोड़ों रुपये लिए गए, लेकिन जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें निराशा हाथ लगी। इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने आरोपित कंपनी के पूर्व उपाध्यक्ष को अग्रिम जमानत देने से इन्कार कर दिया है।

जस्टिस सुमित गोयल ने अमलान दत्ता की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि आर्थिक अपराधों को केवल इसलिए कम गंभीर नहीं माना जा सकता कि इनमें शारीरिक हिंसा नहीं होती। ऐसे मामलों में वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजों और धन के इस्तेमाल की गहन जांच आवश्यक होती है। मामले के अनुसार, गुरुग्राम के सेक्टर-48 स्थित ट्रेहान आइरिस समूह की कंपनी टीएस रियलटेक प्राइवेट लिमिटेड में अमलान दत्ता उपाध्यक्ष (बिक्री एवं रणनीति) के पद पर कार्यरत था।

शिकायतकर्ता अभिषेक कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि कंपनी की ओमारा परियोजना में निवेश के नाम पर उनसे 50 लाख रुपये लिए गए। इसी प्रकार सुवेंदु बनर्जी ने ओमारा और आइरिस ब्राडवे परियोजनाओं में 2.30 करोड़ रुपये से अधिक, संकेत कपाड़िया ने 3.85 करोड़ रुपये और मोहित कुमार ने 70 लाख रुपये निवेश किए।

शिकायत के अनुसार, निवेशकों को भरोसा दिया गया था कि परियोजनाओं में संपत्तियां बेचने के बाद मिलने वाला प्रीमियम उन्हें दिया जाएगा। निवेशकों का आरोप है कि कंपनी से संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि अमलान दत्ता को संदेह के आधार पर नौकरी से निकाल दिया गया है। इसके बाद उन्हें अपनी रकम वापस लेने के लिए उसी से संपर्क करने को कहा गया।

याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि वह कंपनी के अधिकारियों के निर्देश पर काम कर रहा था और उसके निजी बैंक खाते का इस्तेमाल कंपनी ने लेनदेन के लिए किया था। उसके अनुसार, प्राप्त धनराशि कंपनी के कर्ज और देनदारियों के भुगतान में इस्तेमाल हुई। उसने कंपनी के अधिकारियों के साथ वाट्सएप पर हुई बातचीत और अन्य दस्तावेजों का भी हवाला दिया।

हालांकि, राज्य सरकार ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपित ने निवेशकों को प्रलोभन देकर बड़ी रकम निजी खाते में प्राप्त की। धोखाधड़ी की रकम बरामद करने, नकद लेनदेन की जांच करने और अन्य आरोपितों की भूमिका पता लगाने के लिए हिरासत में पूछताछ जरूरी है। अदालत के अनुसार, इस स्तर पर याचिकाकर्ता के झूठा फंसाए जाने की बात स्वीकार करने का कोई ठोस आधार नहीं है। प्रभावी जांच के लिए हिरासत में पूछताछ आवश्यक है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।