विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CM नायब के प्रधान सचिव रह चुके अरुण गुप्ता ने संभाला HERC चेयरमैन का पद, बिजली मंत्री अनिल विज ने दिलाई शपथ

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:00 PM (IST)

अरुण कुमार गुप्ता ने हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के चेयरमैन का पदभार संभाला है। उनके सामने इलेवन पावर लिमिटेड ...और पढ़ें

बिजली मंत्री अनिल विज और अरुण गुप्ता। फोटो जागरण

बिजली मंत्री अनिल विज और अरुण गुप्ता। फोटो जागरण

HighLights

  1. अरुण गुप्ता ने एचईआरसी चेयरमैन का पदभार संभाला।

  2. इलेवन पावर के लाइसेंस पर निर्णय लेना मुख्य चुनौती।

  3. बिजली मंत्री अनिल विज ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव रह चुके 1992 बैच के रिटायर्ड आइएएस अरुण कुमार गुप्ता ने हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के चेयरमैन का दायित्व संभाल लिया है। बिजली मंत्री अनिल विज ने अरुण गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

विद्युत विनियामक आयोग ने पिछले दिनों राजनीतिक दलों और बिजली कर्मचारी व अधिकारी संगठनों के तमाम विरोध के बाद भी इलेवन पावर लिमिटेड को गुरुग्राम तथा नूंह में बिजली की सप्लाई का लाइसेंस दे दिया था।

पूरे राज्य में लगातार दो दिन की हड़ताल के बाद सरकार ने विद्युत विनियामक आयोग को इलेवन पावर का लाइसेंस रद करने के निर्देश दिए थे। फिलहाल लाइसेंस के अनुपालन पर रोक लगा दी गई है, लेकिन उसे रद नहीं किया गया है।

अरुण गुप्ता से पहले नंद किशोर थे एचईआरसी के चेयरमैन

हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के नए चेयरमैन अरुण गुप्ता के सामने इस लाइसेंस पर फैसला लेने की बड़ी चुनौती होगी। हरियाणा के बिजली अधिकारियों व कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चे की इसी मुद्दे पर 16 नवंबर को बिजली मंत्री अनिल विज के साथ बैठक भी होने वाली है। अरुण गुप्ता से पहले नंद किशोर एचईआरसी के चेयरमैन थे, जिनका देहावसान हो गया था, जिस वजह से आयोग के सदस्य मुकेश गर्ग चेयरमैन का अस्थाई कार्यभार संभाले हुए थे।

अरुण गुप्ता को चेयरमैन की शपथ दिलाने के बाद बिजली मंत्री अनिल विज ने मीडिया से कई बड़े मुद्दों पर बातचीत की। अनिल विज ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर प्रहार करते हुए कहा कि इटली के संविधान के सेक्शन 84 के तहत कोई भी गैर इतालवी प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति नहीं बन सकता है। इसी प्रकार, हम भी सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बना सकते थे जबकि वह प्रधानमंत्री बनने के लिए तत्पर थी और इस कारण से उनको नहीं बनाया गया था।

सोनिया गांधी ने पति राजीव गांधी को क्यों नहीं समझाया?

वर्ष 1984 में दंगों को लेकर सोनिया गांधी द्वारा व्यक्त किए गए दुख पर अनिल विज ने कहा कि यह ठीक है कि उन्होंने दुख जाहिर किया, लेकिन उनके पति राजीव गांधी ने कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है, तब उन्होंने अपने पति को क्यों नहीं समझाया और क्यों इतना कत्लेआम हुआ। अभी तक लोग उन जख्मों को लेकर घूम रहे हैं।

सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद द्वारा दीपावली और प्रदूषण को लेकर की गई मानव जनित रोग टिप्पणी का जवाब देते हुए अनिल विज ने कहा कि हमारी परंपराओं पर समय-समय पर कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से प्रहार करते हैं, ताकि इसको कमजोर किया जा सके। लेकिन यह हिंदुस्तान है। तभी तो कुछ बात है कि हमारी हस्ती मिटती नहीं है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।