पहले पत्नी को डाटा केबल से गला घोंट मारा फिर ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी में वीरवार को एक पति ने शक के चलते पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। रेलवे और सेक्टर-14 पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार सब्बेनूर निवासी मेरठ की शादी फैजान निवासी सहारनपुर से हुई थी। दोनों पिछले काफी समय से किराये पर राजीव कॉलोनी सेक्टर-17 में रहते थे। फैजान के परिजन सुंदर नगर, कॉलोनी चंडीगढ़ में रहते है। फैजान और सब्बेनूर के बीच अकसर झगड़ा होता था और झगड़े के बाद फैजान के परिजन भी मामले में दखलअंदाजी करते थे। दोनों को कई बार समझाया गया था लेकिन झगड़ा बढ़ता गया। सूत्रों के अनुसार फैजान अपनी पत्नी पर शक करता था कि वह किसी से मोबाइल से बातचीत करती है। इस बारे में कई बार वह सब्बेनूर के परिवारवालों को भी बता चुका था लेकिन कोई हल नहीं निकला। वीरवार सुबह भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। दोनों के बीच हाथापाई तक हुई। जब तक सांसें बंद नहीं हुई तब तक घोंटे रखा गला
इसके बाद फैजान ने मोबाइल फोन के चार्जर की डाटा केबल से सब्बेनूर का गला घोंट दिया। उसने तब तक तार गले से नहीं छोड़ा, जब तक उसकी सांसें बंद नहीं हो गई। इसके बाद फैजान घर से फरार हो गया। इसी बीच आसपास के लोगों को सब्बेनूर की हत्या के बारे में पता चल गया। लोगों ने सेक्टर-16 पुलिस चौकी में सूचना दी। इसके बाद चौकी प्रभारी जगदीश कुमार मौके पर पहुंचे। जिन्होंने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद शव को नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पहुंचाया गया। लखनऊ-चंडीगढ़ ट्रेन के आगे आया फैजान
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि सब्बेनूर के पति फैजान ने भी आत्महत्या कर ली है। फैजान लखनऊ-चंडीगढ़ ट्रेन के आगे कूद गया है। जांच अधिकारी उर्मिल के अनुसार फैजान की मौत के बारे में ट्रेन के ड्राइवर ने सूचना दी। जिसके बाद शव को जीएमसीएच सेक्टर-32, चंडीगढ़ में रखवाया गया। जीआरपी ने फैजान के परिजनों को मामले की सूचना दी। बुधवार को दोनों मिलकर गए थे माता-पिता से
फैजान के परिजनों ने बताया कि बुधवार रात को फैजान और सब्बेनूर सुंदर नगर कॉलोनी में अपने माता-पिता को मिलकर गए थे। उसके बाद राजीव कॉलोनी में सब्बेनूर की फैजान ने हत्या कर दी। सेक्टर-16 चौकी प्रभारी जगदीश ने बताया कि मामले में मृतका सब्बेनूर के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके बयानों के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। फैजान ने भी चंडीगढ़ विकास नगर रेलवे लाइन पर ट्रेन के आगे कूद कर जान दे दी है।