बढ़ सकती है कर्मचारियों की रिटायरमेंट आयु, सरकार कर रही विचार
हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों को जल्द ही खुशखबरी मिलने वाली है। राज्य सरकार उनकी सेवानिवृति की आयु बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों को जल्द ही बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। उनकी सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ सकती है। हरियाणा सरकार इस पर विचार कर रही है। इस मामले पर 8 मई को चंडीगढ़ में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के नेतृत्व वाली समिति विचार करेगी। समिति को गठन के एक माह में अपनी रिपोर्ट देनी थी, लेकिन पहली बैठक ही लगभग तीसरे माह में होने जा रही है।
प्रदेश सरकार सरकारी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु को बढ़ाकर 60 वर्ष करने की तैयारी में है। इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मार्च में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: प्रेम विवाह के बाद किया दुष्कर्म का झूठा केस, लेकिन उल्टा पड़ा दांव
पहली अप्रैल से कर्मचारियों को इसका लाभ देने की कवायद के तहत सीएम ने समिति को एक माह के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। कमेटी ने प्रदेश भर के सभी विभागों तथा बोर्ड-निगमों में कर्मचारियों के स्वीकृत पदों के अलावा इन पदों पर कार्यरत कर्मचारियों की संख्या की पूरी रिपोर्ट तैयार की है।
मुख्य सचिव के जरिए कमेटी ने उन कर्मचारियों की भी रिपोर्ट तैयार कराई है जिनकी रिटायरमेंट अगले कुछ महीनों में होनी है। इसके अलावा अब तक कितने कर्मचारियों को रिटायरमेंट के बाद री-इंप्लायमेंट दी गई है, इसकी भी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है। अनुबंध और अन्य नीतियों के तहत कार्यरत कर्मचारियों की संख्या भी कमेटी के पास पहुंच चुकी है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में सीएम, मंत्री, स्पीकर और विपक्ष के नेता का वेतन बढ़ा
कर्मचारियों के कुछ संगठन जहां रिटायरमेंट उम्र बढ़ाने के पक्ष में है वहीं ऐसे संगठनों की संख्या भी ज्यादा है जो इसके विरोध में है। दूसरी ओर युवाओं और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा भी सरकार पर दबाव बनाया जा रहा है कि वह रिटायरमेंट उम्र को न बढ़ाए।