पांच साल पहले किए वादों पर सरकार से हिसाब लेंगे कर्मचारी
सर्व कर्मचारी संघ द्वारा 16 से 18 अगस्त तक सर छोटू राम जाट भवन में 15वें राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : सर्व कर्मचारी संघ द्वारा 16 से 18 अगस्त तक सर छोटू राम जाट भवन में 15वें राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए संघ की चार टीमें सतीश सेठी, श्रवण कुमार जांगड़ा, मास्टर विजय पाल व रणधीर सिंह के नेतृत्व में सभी विभागों व स्कूलों में जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। संघ के नेता कर्मचारियों के बीच जाकर जहां सम्मेलन का संदेश दे रहे हैं, वहीं पांच साल पहले घोषणा पत्र में किए वादों को लागू न करने पर सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों की पोल भी खोल रहे हैं। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पंजाब की तर्ज पर समान वेतनमान व पुरानी पेंशन बहाली जैसी मुख्य मांगों पर मुख्यमंत्री की इन्कारी से कर्मचारियों में सरकार के खिलाफ नाराजगी है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा सम्मेलन में इस पर गंभीरता से चर्चा कर 18 अगस्त को आंदोलन का एलान किया है। कर्मचारियों को बीमार होने पर भी नहीं मिल रही छुंट्टी संघ नेताओं ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश भर में आउटसोर्सिंग पॉलिसी पार्ट-1 में लगे लाखों कर्मचारी जोकि तमाम विभागों, बोर्डों व निगमों में दिन-रात मेहनत से काम कर रहे हैं, उनको समान काम और समान वेतन देना तो दूर की बात उन्हें कोई छुट्टी तक नहीं दी जा रही है। राजपत्रित अवकाश में भी उनसे काम लिया जाता है। बीमार होने पर भी छुट्टी नहीं दी जाती। अगर मुश्किल से मिल जाए तो वेतन काट लिया जाता है। इसी प्रकार हारट्रोन में व उसके माध्यम से बोर्ड, निगम व विभागों में लगे हजारों कर्मचारी सरकार की तमाम ऑनलाइन योजनाओं व कंप्यूटर कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कर रहे हैं, परंतु अपने कार्य मे पूर्ण दक्ष होने के बाद भी सरकार इन कर्मचारियों पर समान काम समान वेतन तक लागू नहीं कर रही है, जबकि हारट्रोन सरकार की ही मान्यता प्राप्त एजेंसी है।