'फोटो PM की, नारा स्वदेशी और ठप्पा चीन का क्यों?'; खाद आयात पर दुष्यंत चौटाला ने BJP सरकार को घेरा
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाजपा सरकार पर चीन से खाद आयात करने का आरोप लगाते हुए 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान पर सवाल उठाए।
-1795099908589_m.webp)
चीन से खाद आयात का आरोप लगा दुष्यंत चौटाला ने भाजपा को घेरा। फाइल फोटो
HighLights
दुष्यंत चौटाला ने चीन से खाद आयात पर भाजपा सरकार को घेरा
'आत्मनिर्भर भारत' अभियान पर सवाल उठाए, इफको बैग पर चीन का नाम
किसानों को उचित मूल्य और खाद न मिलने का भी आरोप लगाया
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने चीन से खाद आयात करने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान पर सवाल उठाए।
चौटाला ने कहा कि इफको के खाद बैग पर प्रधानमंत्री की तस्वीर और आत्मनिर्भर भारत का संदेश है, जबकि उद्गम देश के रूप में चीन का नाम दर्ज है। उन्होंने पूछा कि खाद के लिए चीन पर निर्भरता के बीच यह कैसा आत्मनिर्भर भारत है।
चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार पहले चीन से आयात के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात करती थी। अब खाद जैसी अहम कृषि जरूरत के लिए चीन से आयात क्यों करना पड़ रहा है? उनका आरोप है कि चीन मध्य पूर्व के देशों से गैस खरीदकर खाद बनाता है और भारत को महंगे दाम पर बेचता है। उनके अनुसार, भारत सीधे उन्हीं देशों से व्यापार कर किसानों को सस्ती खाद दे सकता था।
जजपा नेता ने कहा कि खाद के लिए चीन पर निर्भरता आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य पर सवाल खड़े करती है। सरकार को बताना चाहिए कि घरेलू उत्पादन और वैकल्पिक आयात व्यवस्था मजबूत करने के बजाय चीन से खाद खरीदने की नौबत क्यों आई।
चौटाला ने किसानों को डीएपी और यूरिया के साथ नैनो यूरिया-डीएपी की बोतल खरीदने के लिए मजबूर किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों को न फसलों का उचित मूल्य मिल रहा है और न ही समय पर खाद-बीज उपलब्ध हो रहे हैं।