कांग्रेस से दूरी, BJP से नजदीकी! CM नायब सैनी की बैठक में पहुंचे चार निलंबित विधायक; बोले- मुख्यमंत्री सभी के होते हैं
चार निलंबित कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में भाग लिया। यह घटना राज्यसभा चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग के बाद उनके पार्टी निलंबन के बाद भाजपा के साथ उनकी बढ़ती नजदीकी को दर्शाती है।
-1795618703739_m.webp)
CM नायब सैनी की बैठक में पहुंचे निलंबित विधायक। फोटो जागरण
HighLights
निलंबित कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री सैनी की बैठक में भाग लिया।
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप में निलंबित हुए थे।
भाजपा कार्यक्रमों और सरकारी आयोजनों में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में बुधवार को उस समय नई चर्चा शुरू हो गई, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में कांग्रेस के चार निलंबित विधायक शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने भाजपा विधायकों की तरह ही इन नेताओं से भी मुलाकात की। वह खुद उनकी टेबल तक पहुंचे और उनके विधानसभा क्षेत्रों में की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर बातचीत की।
बैठक में नारायणगढ़ से शैली चौधरी, सढौरा से रेणुबाला, हथीन से मोहम्मद इसराइल और रतिया से जरनैल सिंह शामिल हुए। फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इलियास बैठक में नहीं पहुंचे। पांचों विधायक राज्यसभा चुनाव में कथित क्रास वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कांग्रेस से निलंबित हैं, लेकिन विधानसभा में कांग्रेस विधायक ही हैं।
पार्टी का आरोप- सतीष नांदल को दिया वोट
हरियाणा कांग्रेस ने 16 मार्च 2026 को हुए राज्यसभा चुनाव में कथित क्रास वोटिंग के आरोप में 16 अप्रैल को पांचों विधायकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया था। कांग्रेस का आरोप था कि उन्होंने पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध के बजाय भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को वोट दिया।
निलंबन के बाद से ये विधायक सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यक्रमों में सक्रिय रहे हैं। वे जिला शिकायत निवारण समितियों की बैठकों में भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा कर चुके हैं और मुख्यमंत्री के दौरों तथा सरकारी आयोजनों में भी शामिल हुए हैं। बैठक का आधिकारिक एजेंडा मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा था, लेकिन कांग्रेस विधायकों की मौजूदगी ने इसे सियासी चर्चा का विषय बना दिया।
भाजपा विधायकों ने कहा कि मुख्यमंत्री सभी के होते हैं
रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि बैठक मुख्यमंत्री घोषणाओं को लेकर थी और पहुंचे कांग्रेस विधायक भी जनता के प्रतिनिधि हैं। मुख्यमंत्री के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं।
बल्लभगढ़ से भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने कहा कि चारों विधायकों ने अपने क्षेत्रों की घोषणाओं पर मुख्यमंत्री के सामने बात रखी और कोई भी विधायक बैठक में शामिल हो सकता है।
बैठक में पहुंचे जरनैल सिंह ने कहा कि वह भाजपा सरकार के दो साल के कामकाज से खुश हैं। उनके अनुसार, सरकार के दो साल के कार्यकाल की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई गई थी और ऐसी बैठक में कोई भी विधायक शामिल हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।