हरियाणा में 14 प्रतिशत बढ़ा कर्मचारियों का महंगाई भत्ता, पेंशनर्स को करना पड़ेगा इंतजार
हरियाणा सरकार ने पांचवें वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 14 प्रतिशत बढ़ाकर 497 प्रतिशत कर दिया है, जो 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो
HighLights
पांचवें वेतन आयोग कर्मचारियों का डीए 14 प्रतिशत बढ़ा।
महंगाई भत्ता अब 1 जुलाई 2026 से 497 प्रतिशत।
चार महीने का एरियर जनवरी वेतन के साथ मिलेगा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में पांचवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन ले रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में सरकार ने 14 प्रतिशत बढ़ोतरी कर दी है। इन्हें अब एक जुलाई 2026 से 483 प्रतिशत की बजाय 497 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा। सभी कर्मचारियों को चार महीने का एरियर जनवरी के वेतन के साथ मिलेगा।
हालांकि, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और फैमिली पेंशनर्स को अभी डीए में बढ़ोतरी के लिए इंतजार करना पड़ेगा। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने पांचवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन ले रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में ही बढ़ोतरी के आदेश जारी किए हैं।
इसी तरह छठे वेतन आयोग का लाभ ले रहे कर्मचारियों और पेंशनर्स को भी डीए बढ़ने का इंतजार करना होगा। सातवें वेतन आयोग के अनुसार वेतन ले रहे सरकारी कर्मचारियों के डीए में प्रदेश सरकार हाल ही में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए इसे 63 प्रतिशत कर चुकी है।