विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

185 करोड़ के नकद इनाम और सरकारी नौकरी, हरियाणा के खिलाड़ियों पर होगी धन वर्षा; CM नायब सैनी करेंगे सम्मानित

Published: Sat, 24 Oct 2026 06:12 PM (IST)

हरियाणा सरकार 30 अक्टूबर को भिवानी में एशियाई और पैरा एशियाई खेल-2026 के पदक विजेताओं को सम्मानित करेगी। मुख्यमंत्री नायब ...और पढ़ें

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फोटो सीएम एक्स

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फोटो सीएम एक्स

HighLights

  1. भिवानी में 30 अक्टूबर को राज्य स्तरीय सम्मान समारोह।

  2. एशियाई, पैरा एशियाई पदक विजेताओं को 185 करोड़ रुपये।

  3. मुख्यमंत्री नायब सैनी खिलाड़ियों को करेंगे सम्मानित।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा की खेल नीति और खिलाड़ियों की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा 30 अक्टूबर को भिवानी के भीम स्टेडियम में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में जापान में आयोजित एशियाई और पैरा एशियाई खेल-2026 के पदक विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को नकद पुरस्कारों और सरकारी नौकरियों से सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे, जो खिलाड़ियों को 185 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार वितरित करेंगे।

52 करोड़ की होगी धन वर्षा

एशियाई गेम्स के 134 खिलाड़ियों को 133 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इन खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 32 पदक (14 स्वर्ण, नौ रजत और नौ कांस्य पदक) देश की झोली में डाले थे।

इसी तरह पैरा एशियाई गेम्स के 37 पैरा खिलाड़ियों को 52 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इन खेलों में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 32 पदक (नौ स्वर्ण, नौ रजत और 14 कांस्य पदक) जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।

गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति आज पूरे देश में सबसे उत्कृष्ट और अनुकरणीय मानी जाती है। प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाएं, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और समय पर मिलने वाले बड़े नकद पुरस्कार युवाओं को खेलों के प्रति लगातार प्रेरित कर रहे हैं।

राष्ट्रमंडल खेलों में सबसे अधिक पदक

मजबूत खेल नीति और हमारे खिलाड़ियों के अटूट परिश्रम व पसीने का परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए सबसे ज्यादा पदक जीतते आ रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खेलो इंडिया विजन और मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में हरियाणा का खेल ढांचा और अधिक मजबूत हुआ है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा (सरकारी नौकरी) सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में देश के खाते में आए 114 पदक, अकेले हरियाणा के वीरों ने जीते 31 मेडल; हनी-संदीप ने बनाए विश्व रिकॉर्ड