'10 मिनट में घर पहुंच रहा हूं', आधे घंटे बाद आई मौत की खबर, पंचकूला में आग का गोला बनी कार; जिंदा जला 2 बच्चों का पिता
पंचकूला में 36 वर्षीय साहिल शर्मा की क्रेटा कार में आग लगने से दर्दनाक मौत हो गई। वह काम से घर लौट रहे थे और अपनी मां को 10 मिनट में पहुंचने की सूचना दी थी।

पंचकूला में क्रेटा कार बनी आग का गोला, इंटीरियर डिजाइनर साहिल शर्मा की मौत।
HighLights
पंचकूला में क्रेटा कार में आग लगने से साहिल शर्मा की मौत
घर लौटते समय सेक्टर-24 में हुआ यह दर्दनाक हादसा
पुलिस कर रही कार में आग लगने के कारणों की जांच
जागरण संवाददाता, पंचकूला। मां को फोन कर कहा था कि बस 10 मिनट में घर पहुंच रहा हूं, लेकिन किसे पता था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी फोन होगा। घर लौटते समय सेक्टर-24 में मल्टी फीचर पार्क के सामने 36 वर्षीय साहिल शर्मा की क्रेटा कार अचानक आग का गोला बन गई।
कार में फंसे साहिल को पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला और गंभीर हालत में सेक्टर-26 स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन करीब आधे घंटे तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। साहिल अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों और बुजुर्ग मां को छोड़ गया है।
पीरमुछल्ला निवासी साहिल शर्मा पेशे से इंटीरियर डिजाइनर था। वह आइटी पार्क स्थित एक होटल में काम करता था। शनिवार शाम काम से लौटते समय वह सेक्टर-24 से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी क्रेटा कार में आग लग गई।
आग ने देखते ही देखते पूरी कार को चपेट में ले लिया। लपटों के बीच साहिल अंदर ही फंसा रह गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
10 मिनट का इंतजार, फिर घर पहुंची मौत की खबर
हादसे से करीब आधे घंटे पहले साहिल ने अपनी मां को फोन किया था। उसने कहा था कि वह 10 मिनट में घर पहुंच जाएगा। मां बेटे के लौटने का इंतजार करती रही। जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचा तो कई बार फोन मिलाया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस का फोन आया और परिवार को बेटे के साथ हुए हादसे की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने साहिल की पहचान की।
12 साल पहले पिता को खोया, अब परिवार का सहारा भी छिना
साहिल के पिता का करीब 12 साल पहले निधन हो चुका था। परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे साहिल की मौत से पत्नी और दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं बुजुर्ग मां ने भी अपना बेटा खो दिया।
सेक्टर-25 पुलिस चौकी प्रभारी रामा स्वामी ने बताया कि शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। कार में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।