Haryana Covid Case: हरियाणा में फिर बढ़ने लगे कोरोना संक्रमण के मामले, अब तक 397 केस आए
Haryana Covid Case हरियाणा में कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर धीरे-धीरे बढ़ने लगे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने हरियाणा को अलर्ट किया है। कहा है कि सतर्कता बढ़ाने व संक्रमण की दर बढ़ने के कारणों की जांच कर रोकथाम के उपाय करने को कहा है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना का असर फिर से बढ़ रहा है। रविवार को कोरोना संक्रमण के 89 मामले सामने आए हैं। इन्हें मिलाकर राज्य में कोरोना संक्रमण के अब तक 397 मामले हो गए हैं। इन लोगों का उपचार राज्य के अस्पतालों में चल रहा है, जबकि 392 लोग ऐसे हैं, जो कोरोना संक्रमित तो हैं, मगर वह अपने घर पर ही उपचार ले रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसे कोरोना संक्रमण की चौथी लहर बताया है। चीन और अमेरिका में बढ़ते कोविड के मामलों के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने दो दिन पहले पांच राज्यों के लिए चेतावनी जारी की थी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने दिल्ली, हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र और मिजोरम की सरकारों को चिट्ठी लिखी है। स्वास्थ्य सचिव ने राज्यों से सतर्कता बढ़ाने और संक्रमण की दर बढ़ने के कारणों की गंभीरता से जांच कर रोकथाम के पुख्ता बंदोबस्त करने को कहा है।
हरियाणा के स्वास्थ्य सचिव राजीव अरोड़ा के अनुसार रविवार को 4681 लोगों की टीकाकरण हुआ है, जिसमें 883 लोगों ने पहली और 3139 लोगों ने दूसरी डोज ली है। सतर्कता डोज लेने वाले लोगों की संख्या 695 है। राज्य में पहली डोज का टीकाकरण 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि दूसरी डोज 87 प्रतिशत लोगों ने ले ली है। राज्य में अभी तक दो लाख 95 हजार 335 लोग सतर्कता डोज ले चुके हैं। राजीव अरोड़ा ने लोगों से कहा कि वह कोरोना बचाव के लिए सावधानी बरतें।
बता दें, गत वर्ष कोविड संक्रमण बढ़ने के बाद राज्य में कई तरह के प्रतिबंध लगा दिए गए थे। राज्य में नाइट कर्फ्यू भी लागू कर दिया गया था, लेकिन बाद में जब मामलों में गिरावट आनी शुरू हुई तो सरकार ने धीरे-धीरे प्रतिबंधों से ढील देने शुरू कर दी। अब राज्य में सभी प्रतिबंधों को हटा दिया गया है, लेकिन कोरोना संक्रमण के फिर से बढ़ते मामलों से सरकार की चिंता बढ़ गई है।