कांग्रेस विकास करती तो सत्ता से बाहर नहीं होती : योगी
कितने साल कांग्रेस को कालका का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
संस, कालका (पंचकूला) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि न जाने कितने साल कांग्रेस को कालका का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। हरियाणा में शासन का अवसर मिला लेकिन न हरियाणा, न कालका और न ही पंचकूला के विकास को प्राथमिकता दी गई। कांग्रेस ने 70 साल में विकास करवाया होता तो प्रधानमंत्री को आवास योजना में प्लॉट नहीं देने पड़ते, स्वच्छ भारत मिशन में शौचालय नहीं बनवाने पड़ते, निशुल्क विद्युत कनेक्शन नहीं देने पड़ते और यही नहीं आयुष्मान योजना भी नहीं देनी पड़ती। युवाओं, किसानों, श्रमिका के लिए 800 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यदि कांग्रेस यह काम करती तो जनता कांग्रेस के नेताओं को सिर आंखों पर बैठाती। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता की ही मेहनत व सूझबूझ है जो आज पंचकूला विकास के मार्ग पर अग्रसर है। पंचकूला और इसके सटे गांवों में विकास की तेजी इस बात का जीता जागता सुबूत है कि ज्ञानचंद ने अपने कार्यकाल में बेहतर काम किया। इस दौरान योगी आदित्यनाथ का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्होंने उपस्थित जनता का अभिवादन किया। विकास कार्यो पर गुप्ता ने डाला प्रकाश
ज्ञानचंद गुप्ता ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश में किए गए अतुल्य विकास कार्यो का व्याख्यान किया और अपने कार्यकाल में पंचकूला में विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकारों में पंचकूला की उपेक्षा की गई और यह विकास कार्यो से मरहूम रहा। लेकिन प्रदेश में ईमानदार मनोहर सरकार के आने के बाद पंचकूला में विकास कार्यो की झड़ी लग गई। उन्होंने सभी से भाजपा के पक्ष में मतदान करके प्रदेश में एक बार मनोहर लाल के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया। ये रहे मौजूद
मौके पर कालका की प्रत्याशी लतिका शर्मा, पंचकूला के प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता, शामलाल बंसल, कृष्ण ढुल, कुलभूषण गोयल, वीरेंद्र राणा, जिला परिषद चेयरमैन रितु सिगला, तरसेम गर्ग, रूबी भगत सिंह, संत शर्मा, संजय आहूजा, विकास पाल उपस्थित थे।