विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संविधान दिवस पर पंचकूला में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस, हुड्डा समेत कई बड़े नेताओं ने संगठन को सक्रिय होने के दिए निर्देश

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:01 PM (IST)

हरियाणा कांग्रेस 26 नवंबर को संविधान दिवस पर पंचकूला में 'संविधान रक्षा मार्च' का आयोजन करेगी। यह मार्च संविधान, लोकतंत्र और मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए है।

संजय दत्त, भूपेंद्र हुड्डा और राव नरेंद्र सिंह। फोटो जागरण

संजय दत्त, भूपेंद्र हुड्डा और राव नरेंद्र सिंह। फोटो जागरण

HighLights

  1. हरियाणा कांग्रेस 26 नवंबर को पंचकूला में 'संविधान रक्षा मार्च' करेगी।

  2. मार्च का उद्देश्य संविधान, लोकतंत्र और मतदान अधिकारों की रक्षा करना है।

  3. भाजपा पर चुनाव आयोग के दुरुपयोग और चुनावी प्रक्रिया में हेराफेरी का आरोप।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। संविधान, लोकतंत्र और मतदान के अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर हरियाणा कांग्रेस 26 नवंबर को पंचकूला में बड़ा आयोजन करने जा रही है। संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ''संविधान रक्षा मार्च'' को सफल बनाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने संयुक्त परिपत्र जारी कर पार्टी संगठन को सक्रिय होने के निर्देश दिए हैं।

परिपत्र में सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों-विधायकों, लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों, जिला व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों तथा सभी अग्रणी संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों से समर्थकों के साथ मार्च में शामिल होने का आह्वान किया गया है।

कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि यह मार्च केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और प्रत्येक नागरिक के निष्पक्ष मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान का हिस्सा है।

दिसंबर में होगा शीतकालीन सत्र

बता दें कि इसी दिन हरियाणा विधानसभा में संविधान दिवस को समर्पित एक दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया जा रहा है। पहले संभावना थी कि इस सत्र को विधानसभा के शीतकालीन सत्र में परिवर्तित किया जा सकता है, लेकिन पता चला है कि शीतकालीन सत्र दिसंबर में होगा।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा, संजय दत्त और राव नरेंद्र ने भाजपा पर कथित वोट चोरी, चुनाव आयोग की मशीनरी के दुरुपयोग और चुनावी प्रक्रिया में हेराफेरी के प्रयासों के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली तथा निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति और निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं।

उन्होंने चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने और चुनावी प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच की मांग को अपने अभियान का प्रमुख मुद्दा बनाया है।


हुड्डा, दत्त और राव ने जिला और ब्लाक कांग्रेस कमेटियों को विशेष रूप से व्यापक जनसंपर्क करने और अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। नेतृत्व ने हर जिले, विधानसभा क्षेत्र और संगठनात्मक इकाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर (गुरुवार) को दोपहर दो बजे पंचकूला के सेक्टर-26 स्थित महाराणा प्रताप भवन से संविधान रक्षा मार्च आयोजित होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।