विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

महंगाई के खिलाफ फिर सड़कों पर उतरेंगे हरियाणा के कांग्रेसी, जनजागरण अभियान कल से

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Sat, 13 Nov 2021 10:29 AM (IST)

महंगाई के खिलाफ हरियाणा कांग्रेस कल से सड़कों पर उतरेगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी सैलजा ने पर्यवेक्षकों की ...और पढ़ें

हरियाणा में कांग्रेस का जनजागरण अभियान कल से। सांकेतिक फोटो
हरियाणा में कांग्रेस का जनजागरण अभियान कल से। सांकेतिक फोटो

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के कांग्रेसी महंगाई को लेकर फिर सड़कों पर दिखेंगे। प्रदेश कांग्रेस रविवार से प्रदेश में जनजागरण अभियान की शुरूआत करेगी। 29 नवंबर तक चलने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने सभी जिलों में पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं। अधिकतर जिलों में उन्होंने अपने नजदीकियों को ही पर्यवेक्षक लगाया है। दो-तीन स्थानों पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला के समर्थकों को जरूर लगाया गया है।

पूर्व मंत्री किरण चौधरी व आदमपुर के विधायक कुलदीप बिश्नोई के भी एक-एक समर्थक को जिला पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी मिली है। विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबियों की जिला पर्यवेक्षकों में पूरी तरह से अनदेखी हुई है। खास बात यह है कि जनजागरण अभियान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी के निर्देशों पर चलाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को जहां कांग्रेस की नीतियों से अवगत करवाया जाएगा, वहीं कांग्रेस नेता महंगाई के मुद्दे को भी लोगों के बीच उठाएंगे। डीजल-पेट्रोल की कीमतों के अलावा रसोई गैस की कीमतों में हुई बढ़ोतरी को कांग्रेस मुद्दा बनाएगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा के निर्देशों पर पार्टी महासचिव (संगठन) डा. अजय चौधरी ने जिला पर्यवेक्षकों की सूची जारी की है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की ओर से इस बाबत सभी जिलों के कांग्रेस नेताओं व वर्करों को निर्देश दिए हैं कि वे जनजागरण अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें। पर्यवेक्षकों को कहा गया है कि वे जिलों में जाकर पार्टी वर्करों से संपर्क करें ताकि अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सुनिश्चित हो सके।

पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया को अंबाला जिला का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। कांग्रेस के लीगल विभाग के चेयरमैन लाल बहादुर खोवाल को भिवानी, अमर सिंह को चरखी दादरी, पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह कादियान को फरीदाबाद, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी को फतेहाबाद, हरपाल सिंह बूरा को गुरुग्राम, कंवरजीत सिंह प्रिंस को हिसार तथा पूर्व सांसद डॉ़ सुशील इंदौरा को झज्जर जिले का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

रामनिवास राडा को जींद, मधुसूदन बवेजा को कैथल, भूतपूर्व गृह राज्य मंत्री सुभाष बतरा को करनाल का जिला पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। करनाल में पूर्व विधायक सूबे सिंह पूनिया भी सुभाष बतरा का सहयोग करेंगे। पूर्व डिप्टी स्पीकर अकरम खान को कुरुक्षेत्र, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन फौजी को महेंद्रगढ़, ललित भड़ाना को नूंह, जगदेव मलिक को पलवल, कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय संयोजक अनिल सैनी को पंचकूला तथा पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन गुर्जर को पानीपत का जिला पर्यवेक्षक लगाया है।

रामकिशन गुर्जर को सैलजा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय का ओवरआल इंचार्ज भी लगा चुकी हैं। गुर्जर के साथ पानीपत में सहयोग के लिए बलविंद्र पूनिया की भी ड्यूटी लगाई है। इसी तरह से यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय छोक्कर को रेवाड़ी, धर्मपाल गुप्ता को रोहतक, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता बजरंग दास गर्ग को सिरसा, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा को सोनीपत तथा सुरेश युनिसपुर को यमुनानगर जिले का पर्यवेक्षक लगाया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।