हुड्डा से मतभेद के बीच CM नायब से चाय पर मिले कुलदीप शर्मा, मुलाकात ने खींचा सभी का ध्यान; हरियाणा में सियासी पारा हाई
पंचकूला में जनप्रतिनिधि सम्मेलन के दौरान कुलदीप शर्मा और मुख्यमंत्री नायब सैनी की चाय पर मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में ...और पढ़ें

CM नायब सैनी और कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा। फोटो जागरण
HighLights
कुलदीप शर्मा और नायब सैनी की चाय पर अनौपचारिक मुलाकात।
कुलदीप शर्मा के हुड्डा से चल रहे मतभेद चर्चा में।
रामबिलास शर्मा, ओम बिरला और हुड्डा की सौहार्दपूर्ण भेंट।
अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। राजनीति में बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप के बीच नेताओं की अनौपचारिक मुलाकातें कई बार नई चर्चा को जन्म दे देती हैं। पंचकूला में हरियाणा विधानसभा की ओर से आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में सोमवार को कुछ ऐसी ही तस्वीरें सामने आईं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की चाय पर मुलाकात ने सभी का खासा ध्यान खींचा। दोनों नेताओं की इस आत्मीय मुलाकात को राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग नजरिये से देखा जा रहा है।
हुड्डा के साथ चल रहे मतभेद
सम्मेलन के दौरान कुलदीप शर्मा मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ आत्मीय भाव से बैठकर चाय पीते नजर आए। दोनों नेताओं के बीच सहज बातचीत की तस्वीर ने राजनीतिक चर्चा को हवा दी। कुलदीप शर्मा इन दिनों कांग्रेस के भीतर अपने राजनीतिक रुख और बयानों को लेकर चर्चा में हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ उनके मतभेद भी सार्वजनिक चल रहे हैं। उनके समधी पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा और समधन विधायक शक्ति रानी शर्मा भाजपा की राजनीति करते हैं। विनोद शर्मा के बेटे कार्तिकेय शर्मा भाजपा के समर्थन से राज्यसभा सदस्य बने थे।
कुलदीप शर्मा राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा के ससुर हैं। कुलदीप अपने बेटे चाणक्य पंडित के लिए करनाल लोकसभा सीट से कांग्रेस टिकट मांग रहे थे, जो नहीं मिल सकी। उसके बाद से कुलदीप के तेवर गरम हैं।
रामबिलास शर्मा ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
वहीं, दूसरी तस्वीर ने राजनीतिक सौहार्द का संदेश दिया। व्हीलचेयर पर बैठे पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा का हाल जानने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उनके पास पहुंचे। रामबिलास शर्मा ने उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी वहां पहुंच गए। खास बात यह रही कि रामबिलास शर्मा का एक हाथ ओम बिरला ने और दूसरा भूपेंद्र हुड्डा ने थाम रखा था। यह वही रामबिलास शर्मा हैं, जब कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को जींद विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया था और रामबिलास शर्मा ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा से कहा था कि अब आपका कांटा निकल गया है।
नेताओं की ये अनौपचारिक मुलाकातें भी छाई रहीं
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के निर्देशन में आयोजित सम्मेलन में 1966 में प्रदेश गठन के बाद से अब तक के पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य पुराने नेताओं के अनुभवों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।
सम्मेलन की राजनीतिक चर्चाओं में नेताओं की ये अनौपचारिक मुलाकातें भी छाई रहीं। हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता एवं इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला इस सम्मेलन में नजर नहीं आए, लेकिन उनके विधायक बेटे अर्जुन चौटाला और पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला जनप्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल हुए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।