कंडक्टर पेपर लीक मामले में इनेलो नेता व रोहतक का कालेज संचालक गिरफ्तार
कंडक्टर पेपर लीक मामले में एसआइटी ने सफलता प्राप्त की है। एसआइटी ने मामले में इनेलो नेता व रोहतक के महम स्थित बीकेएन जेबीटी कालेज के संचालक को गिरफ्तार किया है।
जेएनएन, यमुनानगर। एचएसएससी की परिचालक परीक्षा के प्रश्न पत्र बेचने के मामले में एसआइटी के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। एसआइटी ने जिला रोहतक के महम स्थित बीकेएन जेबीटी कालेज के संचालक संतीश राठी को गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। सतीश राठी की गिरफ्तारी को प्रश्न पत्र बेचने के मामले से ही जोड़ा जा रहा है। वहीं इस मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी बताई जा रही है, लेकिन पुलिस इस बारे में अभी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।
30 जुलाई को यमुनानगर आया था सतीश राठी
सतीश राठी गत 30 जुलाई को भी यमुनानगर आया था। उस दिन यमुनानगर में एचएसएससी द्वारा एक्साइज टेक्सेशन की परीक्षा हुई थी। तब सतीश के साथ उसकी कार में उसी के कालेज की महिला प्रिंसिपल भी अपनी बेटी के साथ थी। उस दिन भी सीआइडी से मिली रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने सतीश राठी की कार का पीछा किया था। उस वक्त सतीश राठी पर एचएसएससी की परीक्षा का पेपर लीक करने का आरोप लगा था।
सीआइए से लेकर सिटी थाना यमुनानगर की पुलिस ने उसका पीछा किया था। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद राठी अपनी कार फर्कपुर एरिया में छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर उसमें सवार महिला व उसकी बेटी से पूछताछ की थी। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सतीश राठी पर विभिन्न धाराओं के तहत लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया था। इसके बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य भोपाल खदरी भी थाने का दौरा किया था।
तब किसी को हजम नहीं हुई थी कहानी
यदि 30 जुलाई को पुलिस मामले को गंभीरता से लेती तो आज परिचालक परीक्षा का प्रश्न पत्र बेचने का मामला सामने ही नहीं आता। पुलिस ने उस वक्त सतीश राठी पर केस तो दर्ज कर लिया परंतु उसकी गिरफ्तारी नहीं की। न ही उससे पूछताछ की। उस वक्त बीकेएन की प्रिंसिपल ने जो कहानी बताई थी वो किसी को हजम नहीं हो रही थी। फिर भी पुलिस ने उसकी बातों पर यकीन कर लिया। प्रिंसिपल ने बताया था कि उसकी बेटी का जगाधरी के हिंदू गर्ल्स कालेज में एक्साइज टेक्सेशन का पेपर था। उसे जगाधरी में आना था।
उसी वक्त बीकेएन कालेज के सतीश राठी ने उससे कहा था कि उसे यमुनानगर में कुछ काम है, इसलिए वो उन्हें जगाधरी में छोड़ देगा। आने जाने में परेशानी न हो इसलिए वो डायरेक्टर की कार में बैठ गई। लेकिन, यमुनानगर में जब उन्होंने कार रोकने को कहा तो राठी ने तेज गति से कार दौड़ा दी। तब उन्होंने शोर मचा दिया। पीछा करने पर राठी कार को एक भीड़ वाले इलाके में लेकर चला गया। रास्ता नहीं मिलने पर वह कार को छोड़कर भाग गया।
इनेलो का युवा जिलाध्यक्ष रहा है राठी
सतीश राठी इंडियन नेशनल लोकदल से भी जुड़ा रहा है। पार्टी ने उसे जिला युवा अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी। परंतु महम में कालेज व स्कूल खोलने के बाद वह युवा अध्यक्ष पद से हट गया था। राठी पहले पेपर लीक कर चुके रोहतक निवासी जितेंद्र सिवाच से मिला हो सकता है। बताया तो ये भी जा रहा है कि एसआईटी इस केस को लगभग सुलझा चुकी है। इसलिए शनिवार को ही एसपी राजेश कालिया इस बारे में प्रेस कांफ्रेंस कर सकते हैं।
पांच दिन के रिमांड पर लिया है : डीएसपी
डीएसपी बिलासपुर एवं एसआइटी इंचार्ज रणधीर सिंह ने बताया कि महम में जेबीटी कालेज चलाने वाले सतीश राठी को एसआइटी ने गिरफ्तार किया है। उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः समझौता ब्लास्ट केसः नवंबर में दर्ज होंगे पाकिस्तानी गवाहों के बयान