विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में विधायकों के 2 साल के कार्यकाल का हिसाब लेंगे CM नायब सैनी, 25 नवंबर को होगी BJP विधायक दल की बैठक

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:36 PM (IST)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 25 नवंबर को भाजपा विधायक दल की बैठक में सरकार की घोषणाओं और विधायकों के दो साल के कार्यकाल की समीक्षा करेंगे।

सीएम नायब सैनी लेंगे सरकार की घोषणाओं और विधायकों के कामकाज का हिसाब।

सीएम नायब सैनी लेंगे सरकार की घोषणाओं और विधायकों के कामकाज का हिसाब।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे सरकारी घोषणाओं की समीक्षा

  2. विधायक दल की बैठक में कामकाज का हिसाब

  3. अधिकारियों से देरी पर मांगा जाएगा जवाब

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अब सरकार की घोषणाओं के जमीन पर उतरने का हिसाब-किताब लेने की तैयारी में हैं। मुख्यमंत्री ने 25 नवंबर को चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक बुलाई है।

इस बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन की जिलावार और विधानसभावार समीक्षा होगी। बैठक में प्रदेश के सभी मंत्री, भाजपा विधायक और विभिन्न सरकारी विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहेंगे। खास बात यह होगी कि मुख्यमंत्री केवल प्रगति रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि घोषणाओं को पूरा करने में देरी और लापरवाही पर अधिकारियों से सीधे जवाबतलबी भी करेंगे।

भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के बाद यह बैठक प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा के साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की ओर से की गई घोषणाओं की स्थिति, उनके लिए जारी बजट और अब तक हुए खर्च का ब्योरा सामने आएगा।

इससे यह भी स्पष्ट होगा कि सरकार की प्राथमिकताएं किस स्तर तक धरातल पर पहुंची हैं और किन क्षेत्रों में घोषणाएं अभी फाइलों तक सीमित हैं तथा लंबित घोषणाओं को पूरा करने में कहां बाधा आ रही है।

मुख्यमंत्री के पास वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी भी है। ऐसे में सीएम घोषणाओं की समीक्षा का महत्व और बढ़ जाता है। प्रदेश सरकार जहां मौजूदा घोषणाओं को पूरा करने की समय सीमा और बजट खर्च का आकलन करेगी, वहीं मुख्यमंत्री वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियों में भी जुटे हैं। ऐसे में विभागवार समीक्षा के आधार पर आगामी बजट में विकास कार्यों और नई योजनाओं के लिए प्राथमिकताएं तय करने की दिशा स्पष्ट होगी।

मुख्यमंत्री की इस बैठक में विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याएं और लंबित विकास कार्य उठाने का अवसर भी मिलेगा। सभी विधायकों को पूरे रिपोर्ट कार्ड के साथ बैठक में पहुंचने के लिए कहा गया है। अधिकारी भी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इससे सरकार और विधायकों के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का संदेश भी जाने वाला है।

विधानसभा सत्र से पहले सियासी रणनीति के संकेत

बैठक के अगले ही दिन यानी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित होगा। लगातार दो दिनों के इन राजनीतिक और विधायी कार्यक्रमों को भाजपा सरकार की आगामी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

विधानसभा में भाजपा के 48 विधायक हैं, जबकि तीन निर्दलीय विधायकों का समर्थन सरकार को प्राप्त है। 37 विधायकों वाली कांग्रेस के पांच विधायकों के राज्यसभा चुनाव के बाद भाजपा का सहयोग करने की राजनीतिक स्थिति भी चर्चा में रही है। वहीं, इनेलो के दो विधायक हैं।

ऐसे में भाजपा विधायक दल की बैठक के जरिए मुख्यमंत्री जहां अपने विधायकों के साथ सीधा संवाद करेंगे, वहीं सरकार के विकास एजेंडे और संगठनात्मक तालमेल को भी धार देने की कोशिश करेंगे। कुल मिलाकर, 25 नवंबर की बैठक सरकार के दो साल के कामकाज का आंतरिक आडिट साबित हो सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।