सीएम और केंद्रीय मंत्रियों की समिति लगाएगी प्रत्याशियों के नामों पर मुहर
निगम चुनाव के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ उनके सिपहसालारों तथा केंद्रीय मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों की टीम पार्टी के मेयर प्रत्याशियों का चयन करेगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा में पहली बार मेयर के प्रत्यक्ष चुनाव करा रही सत्तारूढ़ भाजपा ने किलेबंदी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ उनके सिपहसालारों तथा केंद्रीय मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों की टीम पार्टी के मेयर प्रत्याशियों का चयन करेगी, ताकि कहीं कोई कमजोर कड़ी न रहे।
चूंकि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में निर्वाचित पार्षदों की भूमिका अहम रहने वाली है, इसलिए वार्डों के प्रत्याशियों के नाम भी भाजपा चुनाव समिति ही तय करेगी। हालांकि मेयर और पार्षदों के नाम फाइनल करने से पहले संबंधित जिला अध्यक्षों और जिला प्रभारियों की राय को पूरी तवज्जो दी जाएगी।
हरियाणा निवास में सोमवार सुबह 11 बजे होने वाली चुनाव समिति की बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, राव इंद्रजीत और कृष्ण पाल गुर्जर तथा हरियाणा कैबिनेट के मंत्री राम बिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, अनिल विज और ओमप्रकाश धनखड़ शामिल होंगे।
इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव सुधा यादव, सांसद रतन लाल कटारिया, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निर्मल बैरागी, प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी और रोहतक, पानीपत, करनाल, हिसार और यमुनानगर के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों और तैयारियों पर चर्चा करेंगे।