हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार, खुलेंगे तीन मेडिकल कालेज समेत कई स्वास्थ्य केंद्र
हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। राज्य मेंं कई नए स्वास्थ्य केंद्र और तीन नए मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने इनको स्वीकृति दे दी है।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और इसके ढांचे को मजबूती दी जाएगी। इसके लिए राज्य में कई स्वास्थ्य केेंद्र खुलेंगे। राज्य केे तीन जिलाें में मेडिकल कॉलेज भी खुलेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सिरसा, कैथल और यमुनानगर में मेडिकल कॉलेज खोलने को मंजूरी दे दी है।
मुख्यमंत्री ने एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और एक उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी अनुमति दी है। इसके अलावा एक उपमंडल सिविल अस्पताल, एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और एक उपस्वास्थ्य केंद्र को अपग्रेड करने को मंजूरी प्रदान की गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने रोहतक स्थित पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्र्रेजुएट आयुर्विज्ञान संस्थान में डीएम कार्डियोलॉजी का पाठयक्रम शुरू करने की अनुमति दी है। सिरसा में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की जमीन पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा। कैथल में सरपण खेडी गांव में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। यमुनानगर में पंचायत की जमीन पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना होगी।
रोहतक पीजीआइएमएस में डीएम कार्डियोलॉजी कोर्स भारतीय चिकित्सा परिषद द्वारा चलाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि संस्थान में भारतीय चिकित्सा परिषद के मानकों के अनुसार ढांचा उपलब्ध है। जगाधरी के उपमंडलीय सिविल अस्पताल को उन्नत कर 100 बैड के अस्पताल में बदलने को मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही पलवल जिले के होडल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बेड के सिविल अस्पताल में बदलने की मंजूरी दी गई है। करनाल जिले के सांभली गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्र्रेड किया जाएगा। पंचकूला जिले के बतौर गांव में उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने और पलवल जिले के खांबी गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने को भी मंजूरी दी गई है।