SIR को लेकर विपक्ष को जवाब देने के लिए BJP तैयारी; हरियाणा में चलाएगी 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान
हरियाणा भाजपा 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' मुहिम चलाएगी। यह अभियान मतदाता सूची के विशेष ...और पढ़ें

एसआईआर को लेकर विपक्ष को जवाब देने के लिए भाजपा चलाएगी लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ मुहिम नेताओं की जिम्मेदारी की तय।
HighLights
भाजपा 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' मुहिम चलाएगी।
हरियाणा में 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा अभियान।
विपक्ष के 'वोट चोरी' के आरोपों का जवाब देना लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर वोट चोरी का आरोप लगा विरोध प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस तथा अन्य दलों को मुंहतोड़ जवाब देने की भाजपा ने तैयारी कर ली है।
पार्टी की ओर से 22 अक्टूबर से पांच नवंबर तक राज्य मुख्यालय से लेकर प्रदेश के सभी जिलों में लोकतंत्र बचाओ–भीड़तंत्र हटाओ मुहिम चलाने जा रही है। इस मुहिम में कई विषय शामिल किए हैं। विषयवार प्रभारियों की नियुक्ति भी संगठन की ओर से कर दी गई है।
प्रदेश भर में बीजेपी निकालेगी पदयात्रा
तीन सदस्यीय समिति पूरी मुहिम की निगरानी करेगी। इस समिति का संयोजक पार्टी के प्रदेश महामंत्री वेद फूला को बनाया गया है। सह संयोजक की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री कविता जैन प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कर्ण प्रताप सिंह को दी गई है।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि मुहिम शुरू करने से पहले प्रेस वार्ता होगी। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश मीडिया संयोजक भूपेश्वर दयाल मुख्य प्रवक्ता संजय शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण यादव को दी गई है। इसके बाद लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ मुहिम के तहत प्रदेश भर में भाजपा नेता तथा कार्यकर्ता पदयात्रा निकालेंगे।
इसके संयोजन की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, प्रदेश सचिव मदन चौहान तथा रवि बतान तथा बिजेंद्र दलाल को दी गई है। कांग्रेस को घेरने वाली मुहिम के तीसरे चरण में सभी जिला में राष्ट्र चिंतन संवाद होंगे जिसे सफल बनाने के लिए प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर तथा पूर्व सांसद तथा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल और मुकेश गौड़ की जिम्मेदारी तय की गई है।
इसके बाद सभी जिला में लोकतंत्र बचाओ,भीड़तंत्र हटाओ मुहिम के तहत युवाओं से संवाद किया जाएगी। जिसका संयोजन की जिम्मेदारी प्रदेश सचिव विकास दहिया, प्रकोष्ठ विभाग के सह प्रभारी मनीष यादव तथा प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष अंकित दहिया को दी गई है। इसके बाद मुहिम का अगला हिस्सा लोकतंत्र भीड़तंत्र में छात्रों की प्रतिस्पर्धा विषय पर आयोजन होंगे।
इसकी जिम्मेदारी पूर्व विधायक तथा प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, पूर्व विधायक तथा प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला, प्रदेश संयोजक सोमवीर कटारिया को सौंपी गई है।
इसी कड़ी में घुसपैठिया हटाओ लोकतंत्र बचाओ विषय पर भी मुहिम चलेगी, इसके संचालन की जिम्मेदारी पूर्व विधायक भव्य विश्नोई भाजपा प्रचार प्रकोष्ठ के प्रभारी मुकेश गौड़ प्रदेश सचिव मीना चौहान करे दी गई है। विशेषांक की जिम्मेदारी संदीप जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष लतिका शर्मा तथा गुरप्रीत कौर को सौंपी गई है।
स्मृति की राजनीतिक पाठशाला में शामिल होंगे पदाधिकारी
हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी और सह-प्रभारी डॉ. भोला सिंह 22 एवं 23 अक्टूबर को पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय पंचकमल में प्रवास करेंगे। इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा को लेकर नौ से दस महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी।
इनमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे। सभी जिलाध्यक्षों को भी बैठक में बुलाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अगुवाई में जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों की बैठक पानीपत में आयोजित की जा चुकी है।
