भाजपा का हुड्डा पर निशाना, जैन बाेले- जनता और कांग्रेस के बाद समर्थकों का भरोसा भी खोया
हरियाणा भाजपा ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री मनोहरलाल के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि हुड्डा ने अब अपने समर्थकों का भरोसा भी खो दिया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमला किया है। मुख्यमंत्री मनोहरलाल के मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि 10 साल शासन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पहले जनता, फिर कांग्रेस और अब अपने समर्थकों का भरोसा भी खो दिया है। आज अपनी जमीन खिसकने से बौखलाकर हुड्डा मुंगेरी लाल के हसीन सपने बेचने लगे हैं। वास्तविकता में वह लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद से ही हाशिए पर हैं।
10 साल मुख्यमंत्री रहते जनता रखी हाशिए पर, आज खुद हाशिए पर आना नहीं हो रहा हजम
रोहतक में पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा की रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए राजीव जैन ने कहा कि रैली में पार्टी बनाने के नाम पर भावनात्मक तरीके से एकत्रित समर्थकों को उस वक्त झटका लगा, जब वो पार्टी बनाना तो दूर कांग्रेस पर भी कुछ बोलने से बचते नजर आए।
यह भी पढ़ें:ASI बेटी को फोन करके बोला- DSP ने मुझे कुत्ता कहा मरने जा रहा हूं, फिर बेटी ने ऐसे बचाया
उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुड्डा ने जिस जनता-जनार्दन को हाशिए पर रखा, आज उसी जनता ने उन्हें हाशिए पर ला दिया है। हरियाणा में घूम-घूम कर अपने समर्थकों से राय मशविरा करने का प्रयास केवल कांग्रेस आलाकमान पर दबाव बनाने का था, जिसमें वह कामयाब नहीं रहे।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस को बडा़ झटका, हुड्डा ने पकड़ी अलग राह, बोले- अतीत से हुआ मुक्त, पहले वाली कांग्रेस नहीं रही
उन्होंने कहा कि हुड्डा आज भूमिहीन किसानों के कर्जे माफ करने की बात कर रहे हैं, जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान में ऐसे किसानों को ठगा गया है। आंगनवाड़ी और आशा वर्करों को नियमित करने का जो ख्याली पुलाव हुड्डा द्वारा पकाया गया है, वह कभी पूरा नहीं हो सकता, क्योंकि यह वर्कर केंद्र पोषित योजनाओं का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि आज हुड्डा प्रदेश की जनता को सपने दिखा रहे हैं, जबकि उनका खुद का भविष्य अंधकारमय है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें