भाजपा मिशन-2019: जाट बेल्ट की परीक्षा में पास सीएम ने किया दक्षिण हरियाणा का रुख
उत्तर हरियाणा और जाट बेल्ट में चुनावी अग्नि परीक्षा में पास होने के बाद मुख्यमंत्री का पूरा फोकस अब दक्षिण हरियाणा पर रहेगा।
चंडीगढ़ [अनुराग अग्रवाल]। हरियाणा के पांच नगर निगमों में भाजपा की जीत से उत्साहित मुख्यमंत्री अब ताबड़तोड़ रैलियां करेंगे। उत्तर हरियाणा और जाट बेल्ट में चुनावी अग्नि परीक्षा में पास होने के बाद मुख्यमंत्री का पूरा फोकस अब दक्षिण हरियाणा पर रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में दक्षिण हरियाणा से दो और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की कैबिनेट में चार मंत्री हैैं। पिछले चुनाव में इस इलाके से पार्टी को उम्मीद के मुताबिक नतीजे नहीं मिल पाए। लिहाजा, भाजपा के मिशन 2019 के एजेंडे में दक्षिण हरियाणा टॉप पर है। विपुल गोयल ने फरीदाबाद में मुख्यमंत्री की शानदार शंखनाद रैली कराई है, उससे माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपनी टीम के साथ होमवर्क में पूरी तरह से जुट गए हैैं।
दक्षिण हरियाणा के दोनों केंद्रीय मंत्रियों के अपने-अपने राजनीतिक एजेंडे तय हैैं। उनकी मनोहर कैबिनेट में दक्षिण हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रहे कई मंत्रियों के साथ नहीं बनती। कुछ मंत्री और विधायक राव इंद्रजीत समर्थक हैैं तो कुछ पर कृष्णपाल गुर्जर का हाथ है। इसके बावजूद फरीदाबाद में उद्योग मंत्री विपुल गोयल, गुरुग्राम में पीडब्ल्यूडी मंत्री राव नरबीर, महेंद्रगढ़ इलाके में शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा का अपना अलग ही दबदबा है।
जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी राज्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल हालांकि मनोहर कैबिनेट में मंत्री हैैं, लेकिन उन पर राव इंद्रजीत के नाम की छाप लगी है। उनसे पहले बिक्रम सिंह ठेकेदार मनोहर कैबिनेट में मंत्री थे। भाजपा को आशंका है कि अगले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में पार्टी को इन नेताओं की आपसी कलह का नुकसान उठाना पड़ सकता है, लिहाजा मुख्यमंत्री ने अपने विश्वासपात्र मंत्रियों को साथ लेकर दक्षिण में नए सिरे से पैठ जमानी शुरू कर दी है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही संकेत दे चुके कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ही अगले चुनाव में पार्टी का चेहरा होंगे। तीन राज्यों में भाजपा की हार के बाद हरियाणा के पांच निगमों में हुई जीत ने शाह और मोदी के इस संकेत को अधिक पुख्ता बना दिया है। दक्षिण के कोरियावास में सफल रैली के बाद जिस तरह से विपुल गोयल ने फरीदाबाद में मुख्यमंत्री की शानदार शंखनाद रैली कराई है, उससे माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री अपनी टीम के साथ होमवर्क में पूरी तरह से जुट गए हैैं।
मुख्यमंत्री अब दक्षिण में रैलियां करने के बाद अपनी कैबिनेट के बाकी मंत्रियों तथा विधायकों के इलाकों में भी जनसंपर्क तेज करेंगे। वहां लोकल मुद्दों के हिसाब से रैलियां प्लान की जा रही हैैं। कोरियावास की रैली ग्रामीण इलाके में थी और विपुल गोयल की फरीदाबाद रैली शहरी इलाके में हुई। जींद उपचुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री ने विपुल गोयल के इलाके में रैली के जरिये जातिगत राजनीति पर हमला बोलकर अपना एजेंडा भी साफ कर दिया है।