विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'23 सीटों पर वोटों की मिसमैचिंग, एक ही दिन में 7% कैसे बढ़ गया मतदान?' हरियाणा विधानसभा में हुड्डा ने उठाए सवाल

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:04 PM (IST)

संविधान दिवस सत्र में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा की 23 विधानसभा सीटों पर मतदान में 7% अंतर का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदेश की आर्थिक स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा, 4.56 लाख करोड़ के कर्ज का दावा किया।

हरियाणा विधानसभा में हुड्डा ने 23 सीटों पर मतदान गड़बड़ी का दावा किया।

हरियाणा विधानसभा में हुड्डा ने 23 सीटों पर मतदान गड़बड़ी का दावा किया।

HighLights

  1. 23 विधानसभा सीटों पर मतदान में 7% अंतर का आरोप

  2. हरियाणा पर 4.56 लाख करोड़ रुपये के कर्ज का दावा

  3. शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में संविधान दिवस पर आयोजित विशेष सत्र में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उनका प्रमुख मुद्दा विधानसभा चुनाव के मतदान आंकड़ों में कथित गड़बड़ी का रहा।

हुड्डा ने दावा किया कि प्रदेश की 23 विधानसभा सीटों पर वोटों की मिसमैचिंग है। उन्होंने पूछा कि एक ही दिन में मतदान प्रतिशत में सात प्रतिशत का अंतर कैसे आया। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग से जवाब मांगा गया था, लेकिन अब तक संतोषजनक उत्तर नहीं मिला।

हुड्डा ने कहा कि लोकतंत्र के चार स्तंभों में से किसी एक के कमजोर होने का असर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पड़ता है। उन्होंने मीडिया और निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी जवाब दिया जाना चाहिए।

प्रदेश को विकसित बताने के दावों पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि स्कूल बंद हो रहे हैं और कालेजों में शिक्षकों के करीब 50 प्रतिशत पद खाली हैं। स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में भी प्रदेश पिछड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है, लेकिन किसानों को अपेक्षा के अनुरूप लाभ नहीं मिल रहा। लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 20 हजार करोड़ रुपये की जरूरत है, जबकि बजट में केवल छह हजार करोड़ रुपये रखे गए हैं।

कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में 60 से 70 गैंगस्टर गिरोह सक्रिय हैं। रोहतक में रात के समय करीब 100 राउंड गोलियां चलने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा।

प्रदेश पर 4.56 लाख करोड़ का कर्ज होने का दावा

हुड्डा ने नीति आयोग की 2026 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि हरियाणा पर 4.56 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है और इसके अलावा भी कई वित्तीय देनदारियां हैं। उन्होंने सरकार से प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने पर ध्यान देने को कहा।

संविधान पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि 24 जनवरी 1950 को संविधान पर 284 सदस्यों ने हस्ताक्षर किए थे, जिनमें 208 कांग्रेस से थे। उन्होंने डा. ठाकुर दास भार्गव और अपने पिता रणबीर सिंह हुड्डा का भी उल्लेख किया, जो हस्ताक्षर करने वालों में शामिल थे।

हुड्डा ने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन प्रदेश और उसके लोग यहीं रहते हैं। सरकार की पहली जिम्मेदारी जनता की सुरक्षा, आर्थिक स्थिति और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना होनी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।