होर्डिंग्स से फोटो गायब देख गुस्साये भूपेंद्र हुड्डा, जनप्रतिनिधि सम्मेलन छोड़कर निकले; बोले- यह सरासर बदतमीजी
भूपेंद्र सिंह हुड्डा पंचकूला में जनप्रतिनिधि सम्मेलन से अपनी तस्वीर होर्डिंग्स पर न देखकर नाराज होकर निकल गए। अधिकारियों और विधानसभा अध्यक्ष के मनाने के बाद वे वापस लौटे।
-1793638253733_m.webp)
भूपेंद्र हुड्डा। फाइल फोटो
HighLights
हुड्डा होर्डिंग्स पर फोटो न होने से नाराज हुए।
प्रोटोकॉल उल्लंघन बताकर सम्मेलन से बाहर निकल गए।
स्पीकर के मनाने पर वापस लौटे, तस्वीर जोड़ी गई।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। हरियाणा विधानसभा की ओर से आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में प्रोटोकाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा होर्डिंग्स से अपना फोटो गायब देखकर इतना नाराज हुए कि कार्यक्रम छोड़कर बाहर निकल गए।
मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा काफी देर तक मान-मनौव्वल और फिर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के फोन के बाद वह वापस कार्यक्रम में लौटे। इसके बाद कार्यक्रम के मंच के बैकड्राप पर भी उनकी तस्वीर शामिल की गई।
सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष आडिटोरियम में सोमवार को आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल होने के लिए हुड्डा दिल्ली से विशेष रूप से पंचकूला पहुंचे थे। जब वे आडिटोरियम के बाहर पहुंचे तो देखा कि होर्डिंग्स पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, राज्यपाल असीम घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तस्वीरें लगाई गई हैं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष होने के बावजूद उनकी तस्वीर नहीं है। उन्होंने इसे अनुचित बताते हुए कार्यक्रम से वापस जाने का फैसला किया तो वहां मौजूद अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।
विधानसभा के अधिकारियों ने उन्हें रोकने और मनाने का प्रयास किया, लेकिन हुड्डा ने कहा कि यह सरकारी कार्यक्रम है, विधानसभा का नहीं। यह सरासर बदतमीजी है। वह इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विशेष रूप से हवाई मार्ग से आए थे, लेकिन यहां तो प्रोटोकाल का भी पालन नहीं किया जा रहा। इसके बाद वह सम्मेलन से निकल गए।
कई देर तक चली मान-मनौव्वल
हुड्डा के कार्यक्रम से बाहर जाने के बाद बड़े अधिकारी उन्हें मनाने पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने भी फोन पर उनसे बातचीत की। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री ने भी हुड्डा से बात की। काफी देर तक चली बातचीत के बाद हुड्डा कार्यक्रम में लौटने के लिए तैयार हुए।
इसके बाद मंच के पीछे लगाए गए बैकड्राप पर भी उनकी तस्वीर शामिल की गई। इस घटनाक्रम के दौरान कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा और आफताब अहमद भी हुड्डा के साथ थे। बाद में वे भी हुड्डा के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।