पहले तोलें और फिर बाेलें गृहमंत्री विज, राहुल की ट्रैक्टर यात्रा पर दिए बयान पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दी नसीहत
हरियाणा में राहुल की ट्रैक्टर यात्रा रोकने के बयान पर यू-टर्न लेने वाले अनिल विज पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने निशाना साधा। कहा कि विज को पहले किसी भी बयान को देने के पहले सोचा करें और फिर बोला करें।
नई दिल्ली [बिजेंद्र बंसल]। राहुल गांधी की खेती बचाओ ट्रैक्टर यात्रा के पंजाब से हरियाणा में प्रवेश रोकने के बयान से यू-टर्न ले चुके गृहमंत्री अनिल विज पर प्रदेश कांग्रेस अब हमलावर हो गई है। गृहमंत्री अनिल विज पर सबसे पहले सीधा निशाना पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने साधा है। हुड्डा ने कहा कि वैसे तो अनिल विज उनके पुराने मित्र हैं, मगर वे बिना सोचे-समझे कुछ भी बोल देते हैं।
उन्होंने कहा कि वे अपने मित्र अनिल विज को यह नसीहत देंगे कि वे सोच समझकर कोई बयान दिया करें। हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी देश के किसी भी कोने में जा सकते हैं, उन्हें कोई नहीं रोक सकता। हाथरस कूच की बात करते हुए हुड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार को झुकना पड़ा। राहुल तो हाथरस जाकर रहे। ऐसे संवेदनशील मामलों में जब सरकार असंवेदनशील हो जाती हैं तो उनकी कार्यप्रणाली को पूरा देश देखता है मगर सत्ता के नशे में सरकारों को नुकसान का बोध देर से होता है।
हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी हरियाणा में आएंगे और तीन कृषि कानूनों पर किसानों से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानून किसानों का भविष्य खराब कर देंगे। राहुल की ट्रैक्टर यात्रा पर ह़ुड्डा ने कहा कि यात्रा के स्वागत में आपदा प्रबंधन कानून का पालन होगा। लोग दूर-दूर खड़े होंगे।
पहले विज बताएं क्यों पलटे: किरण चौधरी
पूर्व मंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष किरण चौधरी ने गृहमंत्री अनिल विज के यूटर्न पर कहा कि अब पहले विज यह बताएं कि वे अपने पूर्व के बयान से कैसे पलटे। राहुल गांधी को हरियाणा में प्रवेश करने से रोकने के लिए उनके पास पहले ऐसे क्या कारण थे और अब क्या वे कारण खत्म हो गए हैं। विज केवल सुर्खियों में रहने के लिए बयान देते हैं। विज की अनाप-शनाप बयानबाजी से उनके अपने दल के नेता भी परेशान हैं।
सात को ही समाप्त हो जाएगी राहुल की ट्रैक्टर यात्रा
रविवार को पंजाब के मोगा से शुरू हुई राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा सात अक्टूबर को करनाल में खत्म हो जाएगी। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल ने बताया कि अब राहुल की ट्रैक्टर यात्रा सिर्फ दो दिन की होगी। इसके लिए रविवार को दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की बैठक में जिम्मेदारी सौंप दी गई हैं। रविवार शाम प्रदेश कांग्रेस के नेता करनाल में भी बैठक करेंगे। राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा छह अक्टूबर की शाम पटियाला मार्ग से कुरुक्षेत्र के पेहवा में आएगी। कुरुक्षेत्र छह तारीख को रुकने के बाद राहुल सात अक्टूबर को सुबह पीपली में उस जगह जाएंगे जहां किसानों पर लाठी चार्ज हुआ था। इसके बाद नीलोखेड़ी और करनाल तक का मार्ग तय किया जाएगा।