विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनतेरस पर अरुण गुप्ता को मिला दीपावली का बड़ा तोहफा, हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के चेयरमैन बने

Published: Sat, 07 Nov 2026 06:00 AM (IST)

हरियाणा के पूर्व प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता को हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। ...और पढ़ें

धनतेरस पर अरुण गुप्ता को मिला दीपावली का बड़ा तोहफा। फाइल फोटो

धनतेरस पर अरुण गुप्ता को मिला दीपावली का बड़ा तोहफा। फाइल फोटो

HighLights

  1. अरुण गुप्ता हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के चेयरमैन नियुक्त।

  2. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने धनतेरस पर दिया यह बड़ा तोहफा।

  3. इलेवन पावर लाइसेंस रद्द करने का फैसला अहम चुनौती।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव रह चुके अरुण कुमार गुप्ता को हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। अरुण गुप्ता 1992 बैच के आइएएस अधिकारी रहे हैं और 30 सितंबर को रिटायर हुए थे।

कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रदेश सरकार ने अरुण गुप्ता को सेवा विस्तार देने के लिए फाइल केंद्र सरकार को भेजी थी, जो मंजूर नहीं हुई।

उसके बाद अब धनतेरस के दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अरुण कुमार गुप्ता को एचईआरसी का चेयरमैन बनाकर दीपावली का बड़ा तोहफा दिया है। एचईआरसी के निवर्तमान चेयरमैन नंदलाल शर्मा का पिछले दिनों देहावसान हो गया था, जिस वजह से यह पद खाली था।

अरुण गुप्ता की गिनती मुख्यमंत्री के पसंदीदा अफसरों में होती है

अरुण गुप्ता अपनी रिटायरमेंट से पहले मुख्यमंत्री के उस डेलीगेशन का हिस्सा थे, जिसे सिंगापुर जाना था। सेवा विस्तार नहीं मिलने के कारण उनका इस दौरे पर जाना संभव नहीं हो पाया था। अरुण गुप्ता की गिनती मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पसंदीदा अफसरों में होती है। हरियाणा के बिजली विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड ने अरुण गुप्ता की नियुक्ति के आदेश जारी किए।

एचईआरसी का चेयरमैन नियुक्त होने के बाद अरुण गुप्ता पर सबसे बड़ी जिम्मेदारी इलेवन पावर लिमिटेड को गुरुग्राम और नूंह में दिए गए बिजली सप्लाई के लाइसेंस को रद करने की होगी, क्योंकि इसका पूरे राज्य में जबरदस्त विरोध हो रहा है।

एचईआरसी ने मंजूर किया था

एचईआरसी ने हरियाणा सरकार के आदेश के बाद इस कंपनी को लाइसेंस जारी करने पर जो रोक लगा दी, लेकिन अभी इलेवन पावर का लाइसेंस रद नहीं हुआ है, जो कि कई दौर की सुनवाई के बाद एचईआरसी ने मंजूर किया था। एचईआरसी के चेयरमैन के रूप में अरुण गुप्ता का कार्यकाल पांच साल अथवा 65 साल की उम्र तक जो भी जल्दी पूरा होगा, उसके अनुरूप होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।