'हरियाणा में UCC लागू हुआ तो मैं करूंगा पुरजोर समर्थन', विधानसभा में गरजे अनिल विज
हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) का पुरजोर समर्थन किया है, उनका मानना है कि कानून की नजर में सभी नागरिक समान हैं।
-1795714297050_m.webp)
हरियाणा में समान नागरिक संहिता का पुरजोर समर्थन करूंगा : अनिल विज
HighLights
अनिल विज ने हरियाणा में UCC का पुरजोर समर्थन किया।
उन्होंने कहा, संविधान की नजर में सभी नागरिक समान हैं।
कांग्रेस पर आपातकाल और अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग का आरोप।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि संविधान और कानून की नजर में सभी नागरिक समान हैं और देश में एक समान कानून होना चाहिए।
हरियाणा सरकार जब भी यूनिफार्म सिविल कोड (यूसीसी-समान नागरिक संहिता) लागू करेगी, वह इसका पुरजोर समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और नागरिकों के बीच संबंध में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
अनिल विज चंडीगढ़ में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने हरियाणा विधानसभा के संविधान समर्पित विशेष सत्र में कहा कि संविधान की आत्मा 'हम भारत के लोग' में निहित है।
लोकतंत्र में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री कोई भी जनता से बड़ा नहीं है। सरकारों को शक्ति जनता से मिलती है और जनता ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से सरकार बदलने का अधिकार रखती है।
उन्होंने 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान नागरिकों के अधिकारों पर प्रतिबंध लगाए गए, प्रेस पर सेंसरशिप लगी और विपक्षी नेताओं व कार्यकर्ताओं को जेलों में बंद किया गया।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विज ने आरोप लगाया कि पार्टी ने 90 बार संविधान के अनुच्छेद 356 का इस्तेमाल कर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। उन्होंने कहा कि संविधान में किए गए बदलाव और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन देश के इतिहास का ऐसा दौर है, जिसकी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
अनिल विज ने कांग्रेस की संविधान बचाओ यात्रा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि संविधान मजबूत है और संविधान निर्माताओं ने इसमें ऐसे प्रविधान किए हैं, जो इसकी रक्षा सुनिश्चित करते हैं। कांग्रेस लाल किताब लेकर संविधान बचाने की बात करती है, जबकि उसके शासनकाल में ही संविधान को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया गया।