करनाल में आज पदयात्रा करेंगे अमित शाह, अंबाला में 800 करोड़ के शहीद स्मारक का लोकार्पण
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज करनाल में 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा करेंगे और अंबाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक का लोकार्पण ...और पढ़ें
-1793805861950_m.webp)
अमित शाह का हरियाणा दौरा, करनाल में पदयात्रा और अंबाला में शहीद स्मारक का उद्घाटन।
HighLights
अमित शाह करनाल में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ' पदयात्रा करेंगे।
अंबाला में 800 करोड़ रुपये के राष्ट्रीय शहीद स्मारक का लोकार्पण।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दौरे से पहले अमित शाह से मुलाकात की।
जागरण टीम, पानीपत/नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वीरवार को करनाल और अंबाला आएंगे। करनाल में वह वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस की मुहिम के जवाब में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा करेंगे।
वह करनाल में डेढ़ घंटा रुकेंगे। इसके बाद अंबाला छावनी में करीब 22 एकड़ में 800 करोड़ रुपये से बने राष्ट्रीय शहीद स्मारक का लोकार्पण करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। दौरे से पहले बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की।
करनाल के सेक्टर 12 में केंद्रीय गृह मंत्री लघु सचिवालय लाल बत्ती से कर्ण कैनाल तक पैदल चलेंगे। कार्यक्रम को लेकर भाजपा के साथ साथ प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए गए हैं।
भाजपा का दावा है कि पैदल यात्रा में करीब 25 हजार लोग शामिल होंगे। पदयात्रा में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा भाजपा की प्रभारी स्मृति इरानी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता समेत पार्टी के अधिकतर प्रमुख पदाधिकारी शामिल होंगे।
अमित शाह का हेलिकाप्टर दोपहर करीब 12 बजे एनडीआरआई के मैदान में उतरेगा। यहां से वे सड़क मार्ग से सेक्टर-12 लालबत्ती चौक पहुंचेंगे। कर्ण कैनाल तक पैदल यात्रा के बाद शहरवासियों को संबोधित करेंगे।
अंबाला कैंट में एशिया के सबसे बड़े शहीद स्मारक का लोकार्पण और गांधी मैदान में प्रदेशस्तरीय रैली को संबोधित करेंगे। सौ फीट लंबा और चालीस फीट ऊंचा मंच बनाया गया है। सुरक्षा के लिए 75 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रदेश के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज कई दिन से तैयारी में जुटे हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्था संभाल ली।