विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के पंचकूला में होगा अग्रवाल समाज का बड़ा महोत्सव; 28 दिन चलेंगे धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:12 PM (IST)

पंचकूला में 19 दिसंबर से अंतरराष्ट्रीय अग्रमठ सृजन महोत्सव आयोजित होगा। यहां लगातार 28 दिन व्यापारिक गतिविधियों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

28 दिवसीय इस महोत्सव की जानकारी देते अग्रमठ ट्रस्ट के पदाधिकारी।

28 दिवसीय इस महोत्सव की जानकारी देते अग्रमठ ट्रस्ट के पदाधिकारी।

HighLights

  1. 19 दिसंबर से 15 जनवरी तक चलेगा महोत्सव।

  2. 28 दिवसीय महोत्सव में 400 व्यापारिक स्टाॅल लगेंगे।

  3. 500 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग, 500 नेत्र ऑपरेशन होंगे।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। अग्रवाल समाज की ओर से जनकल्याण, व्यापार, संस्कृति और सामाजिक समरसता को समर्पित अंतरराष्ट्रीय अग्रमठ सृजन महोत्सव का आयोजन 19 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक किया जाएगा।

अग्रमठ ट्रस्ट के प्रधान सुरेश गर्ग और कोषाध्यक्ष विपिन गर्ग ने बताया कि 28 दिवसीय इस महोत्सव में करीब 400 स्टालों पर व्यापारिक गतिविधियों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

महोत्सव में भव्य अग्रद्वार, भगवान अग्रसेन मंदिर, महालक्ष्मी हवन कुंड और स्वास्थ्य सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। प्रतिदिन सुबह नौ बजे पूजा, दस बजे लक्ष्मी यज्ञ और शाम पांच बजे अग्रआरती होगी। शाम छह बजे से सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम शुरू होंगे। गंगा आरती की तर्ज पर अग्रआरती, लक्ष्मी हवन और तुलसी दिवस पूजा भी आयोजन का हिस्सा होंगे।

हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, कश्मीर और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। बीन नृत्य, घोड़ा नृत्य, झंडा नृत्य, कृष्णलीला, डांडिया, स्वांग और स्वदेशी परिधान प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके अलावा दस स्टार नाइट्स और चार अवार्ड शो भी होंगे।

400 स्टाॅल्स पर दिखेगा व्यापार और उद्योग का संगम

महोत्सव में सरकारी, अर्धसरकारी, काॅर्पोरेट और रिटेल क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठान अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। मेक इन इंडिया, एमएसएमई, रियल एस्टेट, इंफ्राॅस्ट्रक्चर, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, मोबाइल, टेलीकॉम, आईटी, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, कृषि, खाद्य उत्पाद, हथकरघा, हस्तशिल्प और महिला एवं युवा उद्यमिता जैसे क्षेत्रों को मंच प्रदान किया जाएगा।

500 दिव्यांगों को मिलेंगे कृत्रिम अंग

आयोजकों के अनुसार महोत्सव के दौरान 25 डाक्टरों की टीम नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर लगाएगी। 500 नेत्र रोगियों का मुफ्त आपरेशन करवाया जाएगा और 5000 लोगों को मुफ्त चश्मे वितरित किए जाएंगे।

इसके अलावा 500 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाने की योजना है। मंगलवार को कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाने के लिए पैमाइश शिविर लगाया गया, जिसमें 200 से अधिक लोगों ने अपने अंगों की पैमाइश करवाई।

जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां देने के साथ ब्लड और यूरिन टेस्ट, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे और मैमोग्राफी जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। नशामुक्ति केंद्र और जागरूकता सेमिनार भी आयोजित होंगे।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।