पिता OP चौटाला की विरासत को स्थायी पहचान देंगे अभय चौटाला, सिरसा में भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे पूर्व उप-राष्ट्रपति
अभय चौटाला अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की प्रतिमा का अनावरण 20 दिसंबर को सिरसा में करवाएंगे।

पिता ओपी चौटाला की विरासत को स्थायी पहचान देंगे अभय चौटाला।
HighLights
20 दिसंबर को सिरसा में ओपी चौटाला की प्रतिमा का अनावरण
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे 26 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
तेजाखेड़ा फार्म हाउस के पास स्थापित होगी कांस्य प्रतिमा
अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। देश और हरियाणा की राजनीति में चौधरी देवीलाल की विरासत को आगे बढ़ाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की स्मृतियों को अब स्थायी पहचान मिलने जा रही है।
उनकी दूसरी पुण्यतिथि पर 20 दिसंबर को सिरसा जिले में तेजाखेड़ा फार्म हाउस के बिल्कुल नजदीक भारतमाला रोड के पास उनकी पहली प्रतिमा स्थापित होगी। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस प्रतिमा का अनावरण करेंगे और योग गुरु स्वामी रामदेव तथा पिहोवा के मांडी साहिब स्थित उदासीन ब्रह्म अखाड़ा के संस्थापक बाबा गुरविंदर सिंह की उपस्थिति विशेष रहेगी।
प्रतिमा स्थापना के मौके पर प्रदेशभर से ओमप्रकाश चौटाला के समर्थक और अनुयायी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया है, जिसके बाद एक लाख लोगों के प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई है।
इस प्रतिमा की खासियत इसका निर्माण और आकार है। करीब 1200 किलोग्राम वजनी कांस्य प्रतिमा मोम पद्धति (लास्ट वैक्स तकनीक) से तैयार की गई है। इसकी कुल ऊंचाई लगभग 26 फुट होगी।
राजस्थान के जयपुर निवासी मूर्तिकार राजेश भंडारी ने इसे तैयार किया है। चौधरी देवीलाल की प्रतिमाओं का निर्माण भी राजेश भंडारी ने ही किया था। इस तरह चौटाला परिवार की दो पीढ़ियों की राजनीतिक विरासत को एक ही मूर्तिकार की कला स्थायी स्वरूप दे रही है।
आयोजन की तैयारियों में अभय सिंह चौटाला के साथ उनके बेटे विधायक अर्जुन चौटाला, करण चौटाला, इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, विधायक आदित्य देवीलाल, सुनैना चौटाला, शेर सिंह बडशामी और पूर्व एचसीएस अधिकारी प्रताप सिंह सहित कई नेता जुटे हैं। अभय चौटाला का कहना है कि सर्वधर्म प्रार्थना सभा में सभी धर्मों, वर्गों और जातियों के लोगों को आमंत्रित किया गया है।
स्व. चौटाला की प्रतिमा 10 दिसंबर तक स्थापित कर दी जाएगी, मगर विधिवित रूप से उसका लोकार्पण 20 दिसंबर को होगा। इनेलो प्रमुख के अनुसार, उनके पिता की प्रतिमा केवल एक व्यक्तित्व की स्मृति नहीं, बल्कि उनकी विचारधारा, संघर्ष और जनसेवा का प्रतीक बनेगी। उन्होंने अपना पूरा जीवन चौधरी देवीलाल की विचारधारा और जनहित के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने में लगाया।
श्रद्धांजलि के साथ राजनीतिक विरासत का सवाल
स्व. ओमप्रकाश चौटाला पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे हैं। राजनीतिक रूप से इस आयोजन के कई मायने हैं। अभय चौटाला के नेतृत्व में आयोजित होने वाला प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम इनेलो के लिए अपने राजनीतिक आधार, संगठनात्मक एकजुटता और देवीलाल-ओमप्रकाश चौटाला की विरासत से जुड़े समर्थकों को एक मंच पर लाने का बड़ा अवसर है।
जगदीप धनखड़ की मौजूदगी आयोजन को व्यापक राजनीतिक पहचान देगी। प्रतिमा के माध्यम से पार्टी आने वाली पीढ़ियों के सामने अपने राजनीतिक इतिहास और विचारधारा को प्रस्तुत करने की कोशिश करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।