जूता प्रकरण के बाद राजभवन पहुंचे अभय चौटाला, राज्यपाल से की सरकार की शिकायत
इनेलो नेता और विधानसभा में नेता विपक्ष अभय चौटाला ने बुधवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मुलाकात की।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा में हुए जूता प्रकरण के बाद विपक्ष के नेता व इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला बुधवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मुलाकात की। अभय चौटाला ने प्रदेश के राजनीतिक मसलों पर बातचीत करने के अलावा विधानसभा में हुई घटना के बारे में अपनी सफाई दी।
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार की अनियमितताओं तथा प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था की स्थिति पर राज्यपाल के साथ चर्चा हुई है। कांग्रेस विधायक करण सिंह दलाल और विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला के बीच विधानसभा में हुई कहासुनी के बाद इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। करण दलाल ने अभय चौटाला के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर तीन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा विस का जूता प्रकरण पुलिस में पहुंचा, दलाल ने चौटाला के खिलाफ दी शिकायत
इस शिकायत के बाद चौटाला राजभवन में राज्यपाल से मिलने पहुंचे। हालांकि बताया गया कि चौटाला विदेश में थे, जिस कारण उनकी राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात नहीं हो पाई थी। तीन दिन विधानसभा चलने के बाद चौटाला अब राज्यपाल से मिलने पहुंचे हैं। अभय चौटाला के साथ उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा और जाकिर हुसैन समेत कई विधायक भी राजभवन पहुंचे।
अभय चौटाला के अनुसार उन्होंने राज्यपाल को प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों व समस्याओं से अवगत कराया। चौटाला ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल को हरियाणा प्रदेश का कार्यभार संभालने पर बधाई दी है, क्योंकि विदेश दौरे के कारण वह राज्यपाल के दायित्व ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे।
यह भी पढ़ें: कभी घर से बाहर जाने की न थी हालत, अाज हैं लाखों की पसंद, जानें दर्द और हौसले की कहानी
अभय चौटाला ने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को भाजपा सरकार की अनियमिताओं और प्रदेश में बिगड़ रही कानून व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र अल्पकालिक होने के कारण प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाया।