अभय चौटाला ने हरियाणा विधानसभा सत्र को बताया 'जेब फाड़ो और कोहनी मारो सेशन', बोले- जरूरी मुद्दे नहीं उठ पाए
इंडियन नेशनल लोकदल के अध्यक्ष अभय चौटाला ने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र को 'जेब फाड़ो और कोहनी मारो' बताया, ...और पढ़ें

विधानसभा में विधायक नहीं उठा पाए मुद्दे, अभय चौटाला ने स्पीकर से मांगा समय।
HighLights
विधायकों को विधानसभा सत्र में जनहित मुद्दे उठाने का समय नहीं मिला
अभय चौटाला ने स्पीकर हरविन्द्र कल्याण से मुलाकात का समय मांगा
एचकेआरएनएल के तहत रोजगार के सरकारी दावों को झूठा बताया
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया है कि विधानसभा के मानसून सत्र में विधायकों को जनहित के मुद्दे उठाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला।
यह ‘जेब फाड़ो और कोहनी मारो सत्र था, जिसमें पहले दिन प्रश्नकाल और शून्यकाल तक नहीं हो सके। विधायकों को सदन में अपनी बात रखने के लिए दो-दो मिनट दिए गए। विरोध दर्ज कराने के लिए उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण से मुलाकात का समय मांगा है।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में चौटाला ने कहा कि छह अगस्त से सफाईकर्मी हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी बात दबा दी गई। हमने 12 से ज्यादा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए थे, लेकिन बिगड़ती कानून व्यवस्था से जुड़े प्रस्ताव को ही स्वीकार किया गया।
हमने मौजूदा समय में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर जवाब मांगा था, लेकिन मुख्यमंत्री यही बताते रहे कि इनेलो और कांग्रेस राज में क्या हुआ। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस चौधरी, पूर्व डीजीपी एमएस मलिक, विधायक अदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला के साथ मीडिया से बात कर रहे चौटाला ने कहा कि वे मुख्यमंत्री और राज्यपाल को चिठ्ठी लिखेंगे। अगर कोई चर्चा ही नहीं होनी थी तो सत्र क्यों बुलाया गया था। विपक्ष के लोग आपसी विवादों में उलझे रहे।
एचकेआरएनएल के तहत लगे सिर्फ 17 हजार कर्मचारी
आरटीआई से मिली जानकारी साझा करते हुए चौटाला ने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (एचकेआरएनएल) के तहत सिर्फ 17 हजार कर्मचारी लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री कहते हैं कि एचकेआरएनएल के माध्यम से सवा लाख लोगों को रोजगार दिया है। इस तरह या तो सरकार झूठ बोल रही है या एचकेआरएनएल के अधिकारी झूठ बोल रहे हैं।
इनेलो की सरकार बनी तो पंजाब से हर हाल में लाएंगे पानी
अभय चौटाला ने कहा कि अगर इनेलो की सरकार बनती है तो हर हाल में पंजाब से एसवाईएल के माध्यम से पानी लाएंगे। पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व. चौधरी देवीलाल के जन्मदिन पर 27 सितंबर को आयोजित होने वाले सम्मान दिवस की जानकारी साझा करते हुए कहा कि 75 एकड़ में पंडाल लगाया जाएगा, जिसमें पौने दो लाख लोग बैठ सकेंगे।
