आम आदमी पार्टी का नेता फरसा साथ लेकर उतरा चुनाव मैदान में, आयोग की नजर हुई टेढ़ी
Haryana Assembly Election में आप के हरियाणा प्रधान नवीन जयहिंद ने अजीब फंडा अपनाया है। वह अपने साथ फरसा लेकर चुनाव मैदान में उतरे हैं। इससे चुनाव आयोग की नजर टेढ़ी हो गई है।
चंडीगढ़, जेएनएन। Haryana Assembly Election 2019 में आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने अजीबोगरीब फंडा अपनाया है। वह चुनाव प्रचार में फरसा साथ लेकर चल रहे हैं। उन्होंने अपनी पीठ पर म्यान में तलवार की तरह फरसा बांध रखा है। जयहिंद का कहना है कि विधानसभा चुनाव में उतरे 48 प्रत्याशियों के लिए समर्थन जुटाने जहां भी जाएंगे, फरसा उनके साथ होगा। प्रचार के नए ढंग पर विवाद पैदा हो गया है और नवीन जयहिंद विवाद के घेरे में आ गए हैं। इस पर चुनाव आयोग की नजर भी टेढ़ी हो गई और जयहिंद आयोग के निशाने पर आ गए हैं।
फरसा म्यान में तलवार की तरह पीठ पर बांध कर चल रहे हैं नवीन जयहिंद
चंडीगढ़ स्थित प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करेत समय भी नवीन जयहिंद ने पीठ पर फरसा बांध रखा था। पत्रकारों से बातचीत में जयहिंद ने कहा कि भाजपा ने पिछले पांच साल में घोषणा पत्र में किए गए एक भी वादे को पूरा नहीं किया। आज सत्तारूढ़ पार्टी घोषणापत्र को छुपा रही है, क्योंकि घोषणा पत्र के आधार पर कोई काम नहीं किया गया है। मौजूदा सरकार ने केवल प्रदेश की जनता को गुमराह करने का काम किया है।
दिल्ली में कराए कामों को हरियाणा में भुनाने की कोशिश में आम आदमी पार्टी
नवीन जयहिंद ने दूसरे दलों से आए नेताओं को टिकट देने व मंत्रियों के टिकट काटने पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे अब पांच साल तक टिक-टॉक पर गाना गाएं। इसके बाद उन्हें टिकट जरूर मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास 90 हलकों में उम्मीदवार तक नहीं थे, इसलिए दूसरे दलों से नेताओं को शामिल करके उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है।
जयहिंद ने कहा कि आम आदमी पार्टी का घोषणा पत्र जल्द जारी होगा। इसमें बढ़ती बेरोजगारी, गिरती शिक्षा, खराब स्वास्थ्य सेवाएं, बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराध को मुद्दा बनाया गया है। पार्टी नेता दिल्ली में कराए गए कामों के आधार पर हरियाणा में वोट मांग रहे हैं। आमजन को दिल्ली सरकार व हरियाणा में कराए गए विकास कार्यों का फर्क बताया जा रहा है।
भाजपा के मिशन-75 पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए जयहिंद ने कहा कि जिस तरह सत्तारूढ़ दल के नेता आमजन को धमकाते हैं, उससे साफ है कि भाजपा हवा में दावे कर रही है। प्रदेश में बिखरते हुए विपक्ष पर जयहिंद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के टिकट भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की सलाह के बाद बांटे गए हैं।
जयहिंद ने कहा कि दिल्ली में 200 यूनिट तक बिजली और 20 हजार लीटर पानी जनता को मुफ्त में मिल रहा है। विश्व के सबसे बेहतरीन स्कूल दिल्ली में हैं। मोहल्ला क्लीनिक प्रोजेक्ट पर विदेशी रिसर्च करने पहुंच रहे हैं। शहीद के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता व नौकरी दी जा रही है। यही सब व्यवस्था हरियाणा में भी लागू की जाएगी।