विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संविधान दिवस पर विधानसभा का विशेष सत्र, हरियाणा के 60 साल के विकास पर होगी चर्चा; 25 को होगी विधायक दलों की बैठक

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:09 PM (IST)

हरियाणा विधानसभा का 26 नवंबर को होने वाला विशेष सत्र केवल संविधान दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की 60 साल की विकास यात्रा और भविष्य की दिशा पर राजनीतिक विमर्श का मंच बनेगा।

हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण। फोटो जागरण

हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण। फोटो जागरण

HighLights

  1. 26 नवंबर को हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित होगा।

  2. प्रदेश की 60 साल की विकास यात्रा पर चर्चा होगी।

  3. संवैधानिक मूल्यों और भविष्य के हरियाणा पर विमर्श किया जाएगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का 26 नवंबर को होने वाला एक दिवसीय विशेष सत्र केवल संविधान दिवस का औपचारिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि प्रदेश की छह दशक लंबी विकास यात्रा और भविष्य के हरियाणा की दिशा पर राजनीतिक विमर्श का मंच भी बनेगा।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने स्पष्ट किया है कि इस सत्र में हरियाणा के 60 वर्षों के विकास, विकसित हरियाणा के लक्ष्य की प्राप्ति में जनभागीदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर चर्चा होगी।

राजनीतिक रूप से यह विशेष सत्र इसलिए भी महत्वपूर्ण होगा कि संविधान और प्रदेश के विकास जैसे व्यापक विषयों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष को एक साथ अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी दलों के विधायकों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सत्र में भाग लेने की अपील की है।

उनके अनुसार, इस विशेष सत्र का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति सम्मान बढ़ाने के साथ जनप्रतिनिधियों को उनकी संवैधानिक जिम्मेदारियों का अहसास कराना भी है। सदन में संवैधानिक सिद्धांतों, संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक परंपराओं और सार्वजनिक जीवन में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में होगी बैठक

हरियाणा विधानसभा की ओर से दो नवंबर से संविधान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पंचकूला के इंद्रधनुष आडिटोरियम में सभी दलों के पूर्व एवं वर्तमान विधायकों और निर्दलीय जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित किया गया था।

विधानसभा अध्यक्ष ने इस सम्मेलन में विभिन्न नेताओं द्वारा साझा किए गए अनुभवों और सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि 26 नवंबर का विशेष सत्र इसी विचार प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा।

विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा और कांग्रेस ने 25 नवंबर को चंडीगढ़ में अपने-अपने विधायक दल की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होने वाली भाजपा की बैठक में सरकार के दो साल के कामकाज, विकास कार्यों और सदन की रणनीति पर चर्चा होगी।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सरकार को घेरने और विपक्ष की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।