रोहतक-दिल्ली हाईवे के जर्जर 12.5 किमी हिस्से का होगा नया निर्माण, 360 करोड़ रुपये स्वीकृत
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने रोहतक-बहादुरगढ़-दिल्ली हाईवे (एनएच-9) के 12.5 किलोमीटर हिस्से के नवनिर्माण के लिए 360 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
-1795963132234_m.webp)
रोहतक-दिल्ली हाईवे के 12.5 किमी हिस्से का होगा नया निर्माण। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
एनएच-9 के 12.5 किमी हिस्से के लिए 360 करोड़ स्वीकृत
जर्जर सड़क के नवनिर्माण से यातायात सुधरेगा, जाम कम होगा
छह लेन सड़क और सर्विस लेन का निर्माण किया जाएगा
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। रोहतक-बहादुरगढ़-दिल्ली हाईवे (एनएच-9) के दिल्ली की ओर स्थित हिस्से के नवनिर्माण के लिए केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने 360 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
इस रकम से हाईवे का 12.5 किलोमीटर हिस्सा पूरी तरह नया बनाया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) जल्द ही निर्माण एजेंसी नियुक्त करेगा।
रोहतक से बहादुरगढ़ होते हुए पश्चिमी दिल्ली को जोड़ने वाले इस हाईवे का बहादुरगढ़ से दिल्ली की ओर का हिस्सा काफी जर्जर हो चुका है। इससे वाहनों के आवागमन पर असर पड़ रहा है और रोजाना जाम की स्थिति बनती है। हाईवे पर छह लेन की नई सड़क के साथ सर्विस लेन भी बनाई जाएगी।
हरियाणा सरकार ने जर्जर हिस्से के निर्माण के लिए कई बार केंद्र से मांग की थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर निर्माण कराने का आग्रह किया था। इसके बाद मंत्री की पहल पर मंत्रालय ने एनएचएआई के लिए रकम स्वीकृत की।
इस मार्ग से दिल्ली और बहादुरगढ़-रोहतक के बीच प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख वाहन आते-जाते हैं। इनमें बहादुरगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले मालवाहक वाहन भी शामिल हैं। जर्जर सड़क के कारण इस मार्ग पर यातायात प्रभावित हो रहा है।