हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल, निखिल गजराज को अतिरिक्त जिम्मेदारी; 6 HCS अधिकारियों का तबादला
हरियाणा सरकार ने परिवहन विभाग के महानिदेशक निखिल गजराज को राज्य मानवाधिकार आयोग में सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
-1795787298913_m.webp)
हरियाणा में छह एचसीएस अधिकारियों का तबादला। एआई जेनरेटेड तस्वीर।
HighLights
निखिल गजराज को मानवाधिकार आयोग सचिव का अतिरिक्त कार्यभार
छह एचसीएस अधिकारियों का हुआ बड़े पैमाने पर तबादला
पानीपत, जींद, पलवल चीनी मिलों के एमडी बदले गए
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में परिवहन विभाग के महानिदेशक निखिल गजराज को प्रदेश सरकार ने राज्य मानवाधिकार आयोग में सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा पानीपत, जींद और पलवल सहकारी मिलों के प्रबंध निदेशक बदलते हुए छह एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा शुक्रवार को जारी तबादला आदेशों में नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहीं एचसीएस निशु उर्फ नम्रता सिंगल को सुरेश रवेश के स्थान पर अतिरिक्त परिवहन आयुक्त तथा अतिरिक्त परिवहन आयुक्त (सड़क सुरक्षा) का कार्यभार दिया गया है।
होडल की एसडीएम बेलिना को सहकारी चीनी मिल पलवल की प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार मिला है। हरियाणा रोडवेज हिसार के महाप्रबंधक राहुल मित्तल को नवदीप सिंह की जगह सहकारी चीनी मिल पानीपत का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
संयुक्त परिवहन आयुक्त सुरेश रवेश को सहकारी चीनी मिल जींद का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के उप सचिव संजय बिश्नोई को गौरव गुप्ता के स्थान पर जिला परिवहन अधिकारी सह-सचिव आरटीए फतेहाबाद नियुक्त किया गया है।
हिपा गुरुग्राम के संयुक्त निदेशक रमित यादव को एससीईआरटी गुरुग्राम के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। पलवल सहकारी चीनी मिल की एमडी पद से हटाई गईं द्विजा की नई नियुक्ति के आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। तब तक वे मुख्य सचिव कार्यालय में अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट देंगी।