हरियाणा में मंत्रियों की बल्ले-बल्ले, खरीदी जाएंगी फॉर्च्यूनर गाड़ियां, परचेज कमेटी ने लिए कई अहम फैसले
हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। हरियाणा की नई सरकार में मंत्रियों के लिए फॉर्च्यूनर गाड़ियांं भी नई खरीदी जाएंगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। प्रदेश की नई सरकार में मंत्रियों के लिए फॉर्च्यूनर गाड़ियांं भी नई खरीदी जाएंगी। हरियाणा निवास में हुई मीटिंग में गाड़िय़ों की खरीद पर मुहर लगाई गई है। पिछली सरकार में भी कुछ गाड़िय़ों की खरीद की गई थी। इसके अलावा मीटिंग में बिजली निगम में ट्रांसफार्मर, केबल और पोल आदि की खरीद का निर्णय लिया गया। इससे जर्जर केबल और पुराने हो चुके ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे, जिससे लोगों को फायदा मिलेगा।
कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों को निशुल्क पुस्तकें दी जानी हैं। उनके लिए पुस्तकें खरीदने के लिए को भी कमेटी ने हरी झंडी दे दी है। स्कूलों में पढऩे वाली छात्राओं और आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाली बेटियों को निशुल्क सैनेटरी नेपकिन दिए जाने की भी सरकार ने घोषणा की हुई है। इसलिए उनके लिए सैनेटरी नेपकिन की अब खरीद की जाएगी। कमेटी ने इनकी खरीद का फैसला लिया है।
कॉलेजों में हर महीने समाचार पत्रों-पुस्तकों के लिए समर्पित होगा एक दिन
कॉलेज और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों में पढऩे की आदत विकसित करने के लिए 'रीडिंग मिशन हरियाणा' अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत सभी उच्चतर शिक्षण संस्थानों में पुस्तक समीक्षा पर चर्चा तथा सामूहिक रूप से समाचार-पत्र या पुस्तक पढऩे का समय निर्धारित किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने बताया कि इससे पुस्तकों की खोई हुई गरिमा वापस आएगी। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के अलावा अध्यापकों व समाज के अन्य लोगों में भी पढऩे की प्रवृत्ति विकसित करना तथा वर्ष 2022 तक युवाओं को डिजिटल लर्निंग कराना है। कॉलेजों में महीने में एक दिन पुस्तक समीक्षा का सत्र आयोजित किया जाएगा। एक दिन मॉस लेवल पर समाचार पत्र या पुस्तक पढऩे का समय निर्धारित किया जाएगा जिसमें विद्यार्थी, अध्यापक, प्राचार्य व गैर शैक्षणिक स्टॉफ के सदस्य भी हिस्सा लेंगे। सेमेस्टर में एक बार अंतर्कक्षा मल्टी-डिसिप्लीनरी क्विज भी आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें