होमगार्ड के डीजीपी बीके सिन्हा व एसआइ सुभाष को मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक
स्वतंत्रता दिवस पर हरियाणा के 13 पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हरियाणा पुलिस के 13 अफसरों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस पदक मिला है। पुलिस महानिदेशक व होमगार्ड के कमांडेट जनरल डॉ. बीके सिन्हा तथा पंचकूला में उप निरीक्षक सुभाष चंद्र को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा 11 पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक दिया गया।
हरियाणा के 13 पुलिसकर्मियों काे मिला राष्ट्रपति पुलिस पदक व पुलिस पदक
पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने पुलिस पदक प्राप्त करने वाले सभी पुलिस अधिकारियों को बधाई दी है। पुलिस पदक से सम्मानित होने वालों में पटौदी के उप पुलिस अधीक्षक वीर सिंह, पंचकूला के डीएसपी ओम प्रकाश, मधुबन में तैनात इंस्पेक्टर अनिल कुमार, पंचकूला के इंस्पेक्टर श्रवण कुमारऔर अंबाला कैंट के इंस्पेक्टर विकास शामिल हैं।
इसके अलावा गुरुग्राम की महिला निरीक्षक लैली वरघीस, फरीदाबाद के उप निरीक्षक प्रकाश चंद, राज्य सतर्कता ब्यूरो के उप-निरीक्षक वीरेंद्र कुमार, पंचकूला में एग्जम्टी उप निरीक्षक रामप्रताप, सहायक उप निरीक्षक सुमन कुमार व गुरुग्राम के सहायक उप निरीक्षक रविंद्र कुमार को पुलिस पदक दिया गया है।